{"_id":"67dc7be881f9165bef0644be","slug":"fever-patients-increased-there-is-no-space-in-all-four-medicine-wards-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-517062-2025-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: बुखार के बढ़े रोगी, मेडिसिन के चारों वार्डों में जगह ही नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: बुखार के बढ़े रोगी, मेडिसिन के चारों वार्डों में जगह ही नहीं
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वायरल बुखार और निमोनिया के रोगियों की संख्या बढ़ने से मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन के छह, सात और आठ नंबर वार्ड फुल हो गए हैं। बृहस्पतिवार से वार्ड नंबर-10 में रोगियों को भर्ती किया गया, जो शाम तक भर गया। वहीं, बच्चा वार्ड के भी बेड फुल हो गए हैं। इसके चलते, कॉलेज प्राचार्य ने शुक्रवार को विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई है।
मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने बताया कि दिन-रात के तापमान में तेजी से बदलाव की वजह से वायरल का संक्रमण फैल रहा है। बुखार आने के दौरान लापरवाही बरतने की वजह से वायरल का संक्रमण फेफड़े तक पहुंचने से निमोनिया हो रहा है। यदि किसी का बुखार तीन-चार दिन में ठीक नहीं हो रहा है तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। यदि किसी की बुखार के बाद सांस फूलती है, तो जरूर दिखाएं। यह निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को तेज बुखार के करीब 12 तथा निमोनिया के सात रोगियों को भर्ती किया गया। ओपीडी में करीब 400 पीड़ित उपचार के लिए आए, जिनमें 260 से ज्यादा पीड़ितों ने बुखार की शिकायत की। वहीं, बाल रोग विभाग में करीब 170 बच्चे उपचार के लिए आए। इनमें से अधिकांश को बुखार, जुकाम-खांसी, पेट दर्द व उल्टी की शिकायत थी। ओपीडी से सात तथा इमरजेंसी में छह बच्चों को भर्ती किया गया। वहीं, जिला अस्पताल में बुखार की वजह से सात बच्चों को भर्ती किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह का कहना है कि शुक्रवार को बैठक कर बुखार के आने वाले रोगियों को भर्ती करने की अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी को भी उपचार में दिक्कत न हो।
विज्ञापन
एक नजर में
तारीख मेडिसिन ओपीडी इमरजेंसी में
एक से चार मार्च तक 1142 914
16 से 20 मार्च तक 1554 1260
मलेरिया विभाग हुआ अलर्ट, शहर में तीन और देहात में 16 टीमें बनाईं
झांसी। मौसम में बदलाव की वजह से मच्छरजनित बुखार डेंगू और मलेरिया के फैलने की आशंका बढ़ गई है। डेंगू के दो रोगी मिलने से प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला मलेरिया अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि शहर में चार सदस्यीय तीन और देहात में दो सदस्यीय 16 टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीमें एक से 30 अप्रैल तक कीटनाशक (लार्वीसाइडल) का छिड़काव करेंगी ताकि मच्छरों का लार्वा नहीं पनपे। इसके अलावा, पोस्टर व स्टीकर के माध्यम से डेंगू व मलेरिया से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।