{"_id":"5d1bac498ebc3e3cd62b9819","slug":"father-died-in-fight-with-son-and-sister-in-lalitpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपीः पुत्र व बहन की मारपीट में पिता की मौत, मां ने दिया बच्चों का साथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपीः पुत्र व बहन की मारपीट में पिता की मौत, मां ने दिया बच्चों का साथ
Wed, 03 Jul 2019 12:41 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ललितपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ललितपुर
Published by: Vikas Kumar
Updated Wed, 03 Jul 2019 12:41 AM IST
विज्ञापन
प्रतिकात्मक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
शहर कोतवाली अंतर्गत ग्राम करगन में पिता-पुत्र के बीच हुई मारपीट में पिता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के दोनों पुत्रों व बहन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी पुत्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की देर रात ग्राम करगन निवासी सीताराम (50) पुत्र रघुवर सिंह की अपने पुत्रों और बहन के साथ मारपीट हो गई। इसमें सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पर वह कोतवाली आया और उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे रात लगभग 11:20 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
वहीं, मृतक के साले ग्राम खिरिया निवासी बलवंत ने बताया कि सीताराम घर में कलह कर रहा था। सोमवार की रात को सीताराम पत्नी और पुत्री के साथ मारपीट कर ट्रैक्टर जलाने का प्रयास कर रहा था। इस पर मृतक के बड़े पुत्र अर्जुन ने मना किया तो पिता ने पुत्र के साथ मारपीट कर दी। छोटे पुत्र अजीत ने बचाने का प्रयास किया, जिस पर मृतक गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस गांव मे थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और घायल को कोतवाली लाई, जहां एनसीआर दर्ज करके उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
मृतक ने घायल अवस्था में पुलिस को दी तहरीर
सोमवार की रात में सीताराम घायल अवस्था में शहर कोतवाली आया, जहां पर उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात्रि में नौ बजे खाना खाकर घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान बड़ा पुत्र अर्जुन आया और कहने लगा कि तुमने ट्रैक्टर का पंजा मेरे बिना पूछे कैसे दिया। मैंने बताया कि खेत की जुताई करने को ले गया है। सुबह वापस दे जाएगा। इस पर वह गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान छोटा पुत्र और बहन भी आ गए, जो एकराय होकर मारपीट करने लगे। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आए, जिन्होंने आकर बीच बचाव किया। इस पर वह लोग भाग गए।
विज्ञापन
मृतक द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा तरमीम कर दिया गया है। दोनों पुत्र अर्जुन, अजीत और बहन ग्राम खड़ोवरा निवासी मिथला पत्नी तिलक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
- आलोक सक्सेना, प्रभारी निरीक्षक, शहर कोतवाली
मृतक की पत्नी ने लगाए पति पर आरोप
मृतक की पत्नी मिथलेश ने बताया कि पति आए दिन 20 वर्षीय पुत्री व उसके साथ मारपीट करता था। पुत्रों को भी घर पर नहीं रहने देता था। सोमवार को भी पहले मुझे और फिर पुत्री के साथ मारपीट की। इसके बाद पुत्रों के साथ भी मारपीट की, मारपीट में वह घायल हो गया था।