झांसी। घटना के वक्त पालीटेक्निक कॉलेज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा चल रही थी, जिसके चलते वहां भारी भरकम पुलिस बल तैनात था। बावजूद, चंद कदम की दूरी पर छात्रावास में एक लड़की की अस्मत से खिलवाड़ होता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पालीटेक्निक कॉलेज में रविवार को सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे और दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक दो पालियों में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा का आयोजन था। परीक्षा कराने में कॉलेज के समस्त शिक्षक व कर्मचारी लगे थे। कॉलेज परिसर में खासी संख्या में पुलिस तैनात थी। जब सुबह की पाली में परीक्षा चल रही थी, तभी करीब 11 बजे कॉलेज के पीछे बने छात्रावास के निकट सड़क पर बातचीत कर रहे छात्रा और उसके दोस्त को 10 से 12 छात्र घेरकर अंदर ले गए। दोनों के साथ मारपीट की गई और छात्रा के साथ दुष्कर्म भी किया गया। इस दरम्यान छात्रा और उसका दोस्त मदद के लिए चीखपुकार करते रहे। लेकिन, चंद कदम की दूरी पर तैनात पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं, पालीटेक्निक कॉलेज प्रशासन को घटना की जानकारी तब हुई जब तफ्तीश के लिए घटना स्थल पर पुलिस पहुंची। घटना के वक्त हॉस्टल वार्डन अरविंद व मेस इंचार्ज पन्नालाल भी नहीं थे।