फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   The blood of the woman found in the house, the body of blood, the possibility of murder

घर में मिली महिला की खून से लथपथ लाश, हत्या की आशंका

Sun, 11 Jun 2017 12:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो Updated Sun, 11 Jun 2017 12:28 AM IST
विज्ञापन
The blood of the woman found in the house, the body of blood, the possibility of murder
mahila, jhansi news - फोटो : amar ujala
झांसी।
विज्ञापन

प्रेमनगर क्षेत्र के गुरुद्वारा मुहल्ला में बीती रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके के हालात और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्य हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। जबकि, पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है। दुष्कर्म की आशंका पर जांच के लिए महिला की स्लाइड तैयार कर जांच के लिए भेजी जा रही है। विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी है।

गुरुद्वारा मुहल्ला निवासी विशाल सिंह अपने पिता सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी लाल सिंह का इलाज कराने चार-पांच दिन पहले मुंबई गए थे। घर पर उनकी पत्नी अर्चना (28) और पुत्र प्रबल (02) अकेले थे। शनिवार की सुबह पड़ोसियों को बच्चे के रोने की आवाज आई। काफी देर तक बच्चे के चुप न होने पर आसपास की महिलाएं घर पर पहुंची। दोनों दरवाजे अटके हुए थे, अंदर से कुंडी नहीं लगी हुई थी, जिससे धक्का देते ही दरवाजा खुल गया। अंदर खून से सना मासूम मिला, उसके माथे पर चोट लगी हुई थी। जबकि, घर के दूसरे कमरे में खून से लथपथ अर्चना की लाश पड़ी हुई थी। घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही सनसनी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन


भाई ने जताई हत्या की आशंका
अर्चना के भाई कवरई महोबा निवासी द्रगपाल ने बताया कि घर के अंदर अर्चना की चूड़ियां टूटी पाई गईं और दीवार पर खुरचने के भी निशान थे। इससे लगता है कि अर्चना ने अपने बचाव में पूरा संघर्ष किया। उन्होंने आशंका जताई कि अर्चना को अकेला पाकर कोई बुरी नीयत से घर में दाखिल हुआ। विरोध करने पर उसने घटना को अंजाम दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


पोस्टमार्टम रिपोर्ट कर रही कत्ल का इशारा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी कुछ ऐसा ही इशारा कर रही है। पोस्टमार्टम में अर्चना के सिर के आगे और बाईं ओर की तीन हड्डियां टूटी पाई गईं। संभावना जताई जा रही है कि किसी भारी चीज से उस पर प्रहार किया गया। वहीं, दुष्कर्म की जांच के लिए उसकी स्लाइड भी तैयार की गई है, जो फोरेंसिक लैब आगरा भेजी जाएगी। शरीर के भीतर जहर के भी लक्षण पाए गए हैं, जिसकी जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। अर्चना का पोस्टमार्टम डा. एमएस राजपूत और डा. अरविंद सोनी के पैनल ने किया।

पुलिस मान रही है दुर्घटना
प्रेमनगर थान के एसआई अमरपाल सिंह ने बताया कि करंट से मौत की सूचना मिली थी। शरीर में चोट नहीं है। ब्रेन हेमरेज भी हो सकता है, जिससे खून बहा। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे दुर्घटना मानकर चल रही है।

फोटो (अर्चना का पुत्र प्रबल)...
रात भर मां के शव से लिपटा रहा मासूस
शुक्रवार की रात तकरीबन नौ बजे तक अर्चना घर के बाहर दिखाई दी। इस दौरान उसकी आसपास की महिलाओं से बातचीत भी हुई। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। आशंका जताई जा रही है कि कोई चुपके से उसके घर में दाखिल हुआ और घटना को अंजाम दिया। रात भर अर्चना की खून से लथपथ लाश घर में पड़ी रही और मासूम बच्चा प्रबल उससे लिपटा रहा। सुबह घर का दरवाजा खुलने पर बच्चा भी खून से सना पाया गया, जिसे बाद में मुहल्ले के लोगों ने संभाला और परिजनों को सूचना दी। बच्चे के माथे पर भी मामूली चोट है।

फोटो (पड़ोस की दो महिला)...
मिलनसार थी अर्चना
घटना से प्रेमनगर के गुरुद्वारा मुहल्ला में कोहराम मचा हुआ है। शनिवार को दिन भर पड़ोसी अर्चना के घर के इर्दगिर्द जमा रहे और अर्चना के बच्चे को दुलारते रहे। पड़ोसी महिला मधु ने बताया कि अर्चना बेहद अच्छे स्वभाव की महिला थी, उसका कभी किसी से विवाद नहीं हुआ। घर में भी वह पूरी शालीनता के साथ रहती थी। अन्य पड़ोसी महिला रजनी ने कहा कि उनकी गली अब तक मुहल्ले में सबसे सुरक्षित मानी जाती थी। सभी एकदूसरे के सुखदुख में शामिल होते थे। अर्चना घर पर अकेली थी, सभी उसका ख्याल रखे हुए थे। अन्य पड़ोसियों ने बताया कि रात में सभी के घर में कूलर-पंखे चल रहे थे, जिससे बाहर की कोई आवाज नहीं आ पाई, वरना मदद के लिए सभी आगे आते।

आज होगा अंतिम संस्कार
अर्चना का अंतिम संस्कार रविवार को सुबह किया जाएगा। अर्चना के भाई द्रगपाल ने बताया कि अर्चना का पति विशाल अपने पिता के साथ रविवार की सुबह सात बजे मुंबई से झांसी पहुंचेंगे। उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। अर्चना के पति विशाल के आने पर तहरीर दी जाएगी।


हर बिंदु पर हो रही जांच
घटना की जांच के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं। प्रत्येक संदेहास्पद बिंदु पर जांच की जा रही है। घटना स्थल की फोरेंसिक टीम से भी जांच कराई गई है। पुलिस लगातार परिवार के लोगों के संपर्क मेें है। परिजनों ने मृतका के पति के रविवार के सुबह आने पर तहरीर देने की बात कही है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
- देवेश पांडेय, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed