Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   Child theft creates panic, reaction at many places

बच्चा चोरी के शक में जगह-जगह हंगामा, पिटाई, लोगों में भय

Sat, 03 Aug 2019 11:30 PM IST
Jhansi Bureau झांसी ब्यूरो
Updated Sat, 03 Aug 2019 11:30 PM IST
विज्ञापन
Child theft creates panic, reaction at many places
बच्चा चोरी के शक में जगह-जगह हंगामा, पिटाई, लोगों में भय
विज्ञापन

झांसी। महानगर में शुक्रवार को भी बच्चा चोरी की अफवाहें उड़ती रहीं। इससे लोग भयभीत रहे। खंडेराव गेट पर शक में एक महिला और डड़ियापुरा में एक विक्षिप्त को घेर लिया गया। भीड़ ने हंगामा किया। एक की पिटाई भी कर दी। हकीकत सामने आने के बाद मामला शांत हो गया। इसी तरह बड़ागांव के ढिमरौनी गांव में बच्चा चोरी करने के शक में एक महिला को पकड़ा गया। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस महिला को विक्षिप्त बता रही है। दिन भर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं चलती रहीं। जिले के अन्य इलाकों में भी बच्चा चोरी की अफवाह फैली रही। कुछ लोगों ने तो बच्चों को स्कूल भेजना भी बंद कर दिया है। उधर, जिला प्रशासन भी अब सक्रिय हो गया है। अफवाह फैलाने वालों का पता लगाया जा रहा है।
शुक्रवार को सीपरी बाजार के परवई गांव निवासी एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ मानिक चौक आई थी। एक बेटी अपने एक साल का बच्चा भी लिए थी। गर्मी के कारण बच्चा परेशान कर रहा था। इस पर महिला ने अपनी बेटियों से कहा कि वे बाजार चली जाएं और वह अपने नाती को लेकर खंडेराव गेट पर बैठी है। बेटियों के बाजार जाने के बाद महिला बच्चे को लेकर खंडेराव गेट पर एक किनारे छांव में बैठ गई। मगर, कुछ देर में ही बच्चा गर्मी अधिक होने से रोने लगा। बच्चा चुप नहीं हो रहा था। इसी बीच कुछ लोगों को शक हुआ तो वह महिला को बच्चा चोर समझने लगे। लोगों ने महिला को घेर लिया। इससे बच्चा और तेज रोने लगा। महिला की बात कोई सुनने को तैयार नहीं था। भीड़ में शामिल लोग महिला से सवाल पर सवाल किए जा रहे थे। खंडेराव गेट चौकी पुलिस ने भीड़ में गुस्सा बढ़ता देखा तो उन्होंने महिला व बच्चे को चौकी के अंदर बैठा दिया। कुछ देर में महिला की दोनों बेटियां आ गई। उन्हें देख बच्चा चुप हो गया। हकीकत सबके सामने आते ही मजमा खत्म हो गया।
विज्ञापन

इधर, शाम को डड़ियापुरा शिवाजी नगर निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र मुन्नालाल ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय भतीजा ऋषि लापता हो गया। परिजन और शुभचिंतक बड़ागांव गेट चौकी पर एकत्रित होकर हंगामा करने लगे। इस बीच एक विक्षिप्त व्यक्ति पर ऋषि को गायब करने का शक होने पर उसकी पिटाई कर दी। भीड़ लग गई। पुलिस ने किसी तरह विक्षिप्त व्यक्ति को बचाया। कुछ देर मेें ऋषि आ गया। पता लगा कि वह महाकालेश्वर मंदिर से निकली शोभा यात्रा में शामिल होने गया था। भांडेरी गेट पर भी बच्चा चोरी की अफवाह से भीड़ लग रही। मामला कोई नहीं निकला
विज्ञापन
विज्ञापन

ढिकौली में आठ लोगों को घेरा, पीटा, गाड़ी तोड़ी
झांसी। रक्सा क्षेत्र के ढिकौली में अपने चाचा को देखने आए तीन लोगों और अपनी बेटी की तलाश कर रहे पांच लोगों को गांव वालों ने बच्चा चोर समझकर घेर लिया। उनके साथ मारपीट की। उनकी कार को तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को थाने लाई। यहां सच्चाई सामने आने पर गांव वाले इधर- उधर हो गए।
शुक्रवार की शाम रक्सा के ढिकौली में रहने वाले बीमार भजनलाल को देखने मध्यप्रदेश के दिनारा क्षेत्र के जौहरया निवासी रवि, नीरज व केशव आए थे। भजनलाल को लकवा मार गया था। रात करीब नौ बजे वह बाइक से वापस लौट रहे थे। ढिकौली से नया खेड़ा वाले रास्ते पर मोबाइल पर कॉल आने पर वह रुक कर बात करने लगे। मौके से गुजरे कुछ गांव वालों को शक हुआ तो वह उनसे पूछताछ करने लगे। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर गांव वालों को उन पर बच्चा चोर होने का शक हुआ। इस बीच कार से निवाड़ी के ओरछा थाने के एक गांव के लखन, महेश, बब्बू, कुंवर लाल और दीपक पहुंच गए। वह अपनी बेटी की तलाश में गए थे, जो एक अगस्त से लापता थी। पता लगा था कि वह ढिकौली में एक रिश्तेदार के घर पर है। मगर, गांव वाले उनको उक्त तीन लोगों का साथी समझने लगे। इस बात का पता लगने पर गांव के और लोग आ गए। वह लाठी डंडे लिए थे। सबने मिलकर उक्त आठों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में सभी को थाने लाया गया। जांच में हकीकत सामने आ गई।

जो भी सूचनाएं मिलीं, वह सब झूठी साबित हुईं। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। भीड़ न लगाएं। पता किया जा रहा है कि यह अफवाह कौन फैला रहा है। डॉ. ओमप्रकाश सिंह, एसएसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed