झांसी। सखी के हनुमान मंदिर के पास मौजा पिछोर-कोछाभांवर के पास 44.23 एकड़ जमीन पर आवास विकास परिषद ने कॉलोनी को विकसित करने की योजना बनाई थी। कॉलोनी में सड़क बिजली, पानी, सीवर, नाली व बाउंड्रीवाल बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। कार्य पूर्ण होते ही हाउसिंग बोर्ड के निर्देशानुसार कॉलोनी का निर्माण किया जाएगा।
आवास विकास परिषद द्वारा नई कॉलोनी को विकसित करने के लिए वर्ष 2002 से लेकर वर्ष 2007 तक जमीन का अधिग्रहण किया था। जिसके चलते अलग-अलग किसानों से मौजा पिछोर-कोछाभांवर स्थित सखी के हनुमान मंदिर के पास 44.23 एकड़ जमीन को अधिग्रहण किया था। लेआउट के तहत कॉलोनी में अलग-अलग प्रकारों के 514 भूखंड हैं। अब परिषद द्वारा कॉलोनी में विकास कार्यों को शुरू कर दिया गया है। कॉलोनी में सड़क, बिजली, पानी, सीवर, नाली की व्यवस्था के अलावा बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। आवास विकास परिषद के परियोजना निदेशक चंद्रमा राम ने बताया कि कॉलोनी में सड़कों का निर्माण, पार्क, सीवर, बिजली व पानी की व्यवस्था को सुचारु किया जा रहा है। विकास कार्य पूरा होते ही हाउसिंग बोर्ड द्वारा निर्णय होने पर ही निर्माण कार्य को शुरू किया जाएगा।