{"_id":"679bd262bc159bb8cd0e80fe","slug":"all-india-gold-cup-hockey-title-clash-between-jhansi-and-lucknow-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-484534-2025-01-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी : झांसी और लखनऊ के बीच होगी खिताबी भिड़ंत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी : झांसी और लखनऊ के बीच होगी खिताबी भिड़ंत
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 14वीं विनोद खंडकर अंडर-21 ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। इसमें साई लखनऊ और हॉकी छात्रावास झांसी ने जीत दर्ज की। अब शुक्रवार को हॉकी छात्रावास झांसी और साई लखनऊ के बीच फाइनल होगा।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में साई लखनऊ ने सेल राउरकेला टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 4-1 से पराजित कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। मैच के दूसरे क्वार्टर के 29वें मिनट में लखनऊ को मिले पेनाल्टी कॉर्नर को रितेश पांडेय ने गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। यह बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रही। 37वें मिनट में राउरकेला के रंजन पॉल ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। अंत में लखनऊ ने जीत दर्ज की। मैच में शानदार बचाव करने वाले लखनऊ के गोलकीपर पीयूष को मैन ऑफ द मैच बनाया गया।
विज्ञापन
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में हॉकी छात्रावास झांसी ने हॉकी भिवानी हरियाणा टीम को 5-0 गोल से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। झांसी छात्रावास की ओर से 9वें मिनट में सोनू पटेल ने फील्ड गोलकर टीम को बढ़त दिलाई। 35वें और 48वें मिनट में करन धानुक ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दो गोल और 38वें मिनट में अंकित पटेल एवं 46वें मिनट पर रघुवेंद्र ने फील्ड गोल कर बढ़त को जीत में बदल दिया। झांसी के करन धानुक मैन ऑफ द मैच बने। मौके पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खंडकर, अशोक ओझा, सलीमुद्दीन, बृजेंद्र यादव, मुन्नालाल कुशवाहा, एसके सूरी, नौबत सिंह, अशोक सेन आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन