{"_id":"24-27063","slug":"Jhansi-27063-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाबा आदम के जमाने की मशीनरी नहीं चलेगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाबा आदम के जमाने की मशीनरी नहीं चलेगी
Jhansi
Updated Wed, 21 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। राष्ट्रीय वर्षा सिंचित क्षेत्र प्राधिकरण योजना आयोग, भारत सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. जे एस सामरा ने बुंदेलखंड पैकेज से निर्माणाधीन डेयरी प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान पाश्च्युरिंग के लिए पुराने जमाने की प्रक्रिया देख उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि बाबा आदम के जमाने की मशीनरी नहीं चलेगी। उन्होंने दिसंबर के अंत तक प्लांट को हर हाल में कंपलीट करने के निर्देश दिए।
बुंदेलखंड पैकेज के कार्यों की समीक्षा करने आए डा. सामरा ने मंगलवार को शाम के समय कानपुर रोड पर निर्माणाधीन 10,000 लीटर/ प्रतिदिन उत्पादन क्षमता के डेयरी प्लांट का निरीक्षण किया। 720 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस प्लांट में मशीनरी फिटिंग का कार्य चल रहा है। डा. सामरा ने दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों से प्लांट के बारे में जानकारी ली। प्लांट के पीछे बाउंड्रीवाल बनाने के लिए पहाड़ी की मिट्टी खोदने के कार्य पर उन्होंने असंतोष जताया और पहाड़ी को सीधा खोदने की जगह उसे इस तरह करने को कहा, ताकि बरसात के समय मिट्टी आदि खिसकने का खतरा न रहे। उन्होंने पहाड़ी खुदाई का काम रुकवाते हुए जिलाधिकारी को इस पर ध्यान देने को कहा। बताया गया कि यहां चार रूट हैं, जिसमें से सिर्फ दो चालू हैं और प्रतिदिन करीब चार हजार लीटर दूध आ रहा है, जबकि क्षमता दस हजार लीटर की है। उन्होंने इसे बढ़ाने के निर्देश दिए। दूध की खरीद मार्केट से बहुत कम रेट पर होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। पाश्च्युरिंग (दूध गर्म करने) के लिए यहां लोहे की कढ़ाही में पानी भरकर उसमें दूध के कंटेनर रख दिए जाते हैं और नीचे लकड़ी के ईंधन से भट्ठी जलाई जाती है। इसे देखकर डा. सामरा पहले तो हंसे, फिर बाबा आदम के जमाने की मशीनरी बताकर उसका आधुनिकीकरण कराने को कहा। उन्होंने यहां तस्वीरें भी खींचीं। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए नई मशीनरी आ गई है। स्टाफ की कमी के मुद्दे पर उन्होंने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दुग्ध विकास विभाग के प्रभारी अधिकारी विकास समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन