फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   जिला पंचायत की बैठक-Cordination

जिला पंचायत की बैठक-Cordination

Sun, 30 Sep 2018 01:40 AM IST
Updated Sun, 30 Sep 2018 01:40 AM IST
विज्ञापन
जिला पंचायत की बैठक-Cordination
जिला पंचायत की दुकानों का किराया बढ़ेगा
विज्ञापन

झांसी। जिला पंचायत बोर्ड बैठक में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर जिला पंचायत सदस्यों ने जमकर हमला बोला। सदस्यों ने बार - बार भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। खास बात यह रही कि अफसरों की ओर से आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया गया। विभाग की दुकानों का किराया बढ़ाने की मांग पर निर्णय लिया गया कि जल्द ही सर्वे कराया जाएगा और सर्किल रेट के हिसाब से किराया बढ़ाया जाएगा।
शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के दौरान बताया गया कि संपत्ति एवं वैभव कर सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है। इस पर सदस्यों ने आपत्ति दर्ज कराई कि प्रस्ताव पास नहीं हुआ था, बल्कि सर्वसम्मति से अस्वीकार कर दिया गया था। सदस्य अनिल यादव भिटौरा ने कहा कि बिना स्वीकृति के प्रस्ताव लिखा गया है। आरोप लगाया कि बैठक के दौरान कार्रवाई को कोई लिखता नहीं है, फिर बाद में मनगढ़ंत तरीके से अस्वीकृत प्रस्ताव भी लिख दिए जाते हैं। सभी सदस्यों ने जब विरोध किया तो अफसर बैकफुट पा आ गए और संपत्ति एवं वैभव कर पर फिर से चर्चा करने पर बात बनी।
विज्ञापन

बंगरा ब्लाक के पठाखरका गांव में गोवंश आश्रय स्थल बनाने पर सर्वसम्मति बन गई। जिला निधि 40.79 लाख रुपये से गोवंश आश्रय स्थल बनाया जाएगा। इसमें कुल जमीन 17 हेक्टेयर है, जिसमें से नौ हेक्टेयर में चारागाह बना है और बाकी आठ हेक्टेयर जमीन पर आश्रय स्थल बनाया जाएगा। आश्रय स्थल बन जाने से छुट्टा गायों को संरक्षण मिलने लगेगा। सीडीओ निखिल टी. फुंडे ने बताया कि बंगरा ब्लाक में छुट्टा जानवरों की संख्या जिले भर के अन्य ब्लाकों से सबसे अधिक है, इसलिए बंगरा में गोवंश आश्रय स्थल बन जाने से छुट्टा जानवरों की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सदस्यों का कहना था उनके चुनाव क्षेत्र में आसपास के 20 गांव आते हैं, लेकिन विभाग न तो हैंडपंप लगवा रहा है और न ही अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सदस्यों ने पांच लाख रुपये प्रति सदस्य के हिसाब से मंजूर करने की मांग की, ताकि गांवों में सोलर लाइटें और हैंडपंप लगवाए जा सकें। बाद में निर्णय लिया गया कि सभी सदस्य अपने- अपने क्षेत्र में तीन- तीन लाख रुपये से नेडा के माध्यम से गांवों में सोलर लाइट और यूपी स्टेट एग्रो के सहयोग से हैंडपंप लगवा सकेंगे।
सदस्य वीरेंद्र सिंह यादव ने विभागीय दुकानदारों से बहुत कम किराया लिए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मेन रोड और व्यस्ततम क्षेत्र में दुकानें होने के बाद भी बहुत कम किराया लिया जा रहा है। इसे बढ़ाया जाए। इससे विभाग की आमदनी बढ़ेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि दुकानों का सर्वे कराया जाएगा। कौन सी दुकान कहां पर है, उस स्थान के सर्किल रेट के हिसाब से किराया तय होगा और सभी दुकानों से सर्किल रेट के आधार पर किराया लिया जाएगा।
सदस्य नरेंद्र सारौल और वीरेंद्र सिंह ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा क् िजिला पंचायत की जमीन से अवैध कब्जे हटवाए जाएं। दीपेंद्र सिंह ने अफसरों पर ठेकेदारों से खुलेआम 15 प्रतिशत कमीशन लेने के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि कमीशनखोरी की वजह से कार्यों की गुणवत्ता खराब हो रही है। इस पर अंकुश लगाया जाए। वीरेंद्र सिंह ने तो विभाग में भ्रष्टाचार फैला होने का आरोप लगाया।

यह प्रस्ताव भी स्वीकृत
- केशवपुर गांव में विनोद की चक्की के सामने से लल्लू मिश्रा के घर के आगे तक बनी सीसी सड़क ठीक होगी। इस पर 3.17 लाख रुपये खर्च होंगे। केशवपुर में मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है।
- जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज उल्दन, लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज बबीना और छक्कीलाल गेड़ा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टोड़ी फतेहपुर में कराए गए पौधरोपण में 64 हजार रुपये खर्च स्वीकृत।
- बरियाबेर से रानीपुर तक की सड़क के गड्ढे सही कराने में 98 हजार रुपये का भुगतान स्वीकृत।
- 40 लाख रुपये तक के कार्यों पर दस प्रतिशत जमानत राशि ठेकेदारों से जमा कराई जाएगी।

बीस हजार आय की दुकान से नहीं लगेगा कर
- सदस्यों ने संपत्ति एवं वैभव कर नहीं लगाने की मांग की। इस पर बताया गया कि जिस दुकानदार की आय बीस हजार रुपये सालाना है, उसे टैक्स नहीं देना पड़ेगा।
- संपत्ति एवं वैभव कर से आय के बारे में बताया गया कि पिछले साल 26.97 लाख रुपये आय हुई थी, जबकि इस साल 23 लाख रुपये आमदनी हुई है।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आईं और गईं
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा राय काफी दिनों के बाद बैठक में नजर आईं। वह कुछ देर के लिए बैठीं और हस्ताक्षर करने के बाद चली र्गइं। जब वह आई और जिला पंचायत अध्यक्ष के बगल में कुर्सी पर बैठ गई तो लग रहा था कि शायद कोई नया राजनीतिक समीकरण बन गया है, लेकिन हस्ताक्षर करने के बाद वह चली गईं तो अटकलों पर विराम लग गया।

कंस्ट्रक्शन कंपनी की जांच होगी
एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की शिकायत की गई। आरोप लगाया कि विभागीय अफसरों की मिलीभगत से कंपनी पर दरियादिली दिखाई जा रही है, जबकि कंपनी आदेशों का उल्लंघन कर रही है। यहां तक कि कंपनी ने विभाग के सवालों का जवाब तक नहीं दिया है। कंपनी और विभाग के बीच एग्रीमेंट पर सवाल भी उठाए गए। सीडीओ ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

रसीना में कुएं में बैल गिर गया
सदस्य भारत सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत रसीना के मजरा रतनपुर में बरसात के कारण कुआं की जगत टूट गई है, पिछले दिनों एक बैल कुएं में गिर गया था। कुएं के पास ही प्राथमिक विद्यालय है। कभी भी अनहोनी हो सकती है, इसलिए कुएं को बंद कराया जाए।

गंदे कर्मचारी हटाए जाएंगे
अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार यादव ने कहा कि निर्माण विभाग में कर्मचारियों की सफाई की जाएगी और गंदे कर्मचारियों को हटाकर साफ- सुथरा माहौल बनाएंगे।

किसी को एक करोड़ किसी को दस लाख
जिला पंचायत सदस्य हेमंत सिंह ने आरोप लगाया कि किसी सदस्य के क्षेत्र में एक करोड़ रुपये के काम कराए जा रहे हैं तो किसी के क्षेत्र में दस लाख रुपये के। यह असमानता समाप्त की जाए।


ये रहे मौजूद
जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, हेमंत सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, अनिल यादव, बालकिशन, रामजी शरण, प्राण सिंह, आलखंड सिंह, नरेंद्र सिंह सारौल, दीपेंद्र सिंह, किशोरी देवी, अंजना यादव, किरन देवी, लक्ष्मी यादव, मनीष वर्मा, ब्लाक प्रमुख कैलाश नारायण, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए डॉ. आरके गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार यादव, सहायक अभियंता एमएल विश्वकर्मा मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed