Jaunpur Crime: मकान के बारजे को लेकर हुआ विवाद, गोली लगने से एक शख्स की मौत और दो घायल; चार आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर जिले में मकान के बारजे को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मंगलवार को इस विवाद को लेकर गोली चली, जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के मुख्य आरोपी समेत चार को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
विस्तार
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कयार गांव में मंगलवार को बारजे के विवाद में गोली चलने पर एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने पूरे प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
यह है पूरा मामला
कयार गांव निवासी एजाज अहमद उर्फ बिफ्फन (62) अपने घर का निर्माण करवा रहा था। उसके घर का बारजा पड़ोसी मोहम्मद अरमान के घर से छू रहा था। इस बात को लेकर सोमवार को अरमान व उसके परिजनों ने आपत्ति जताई, तो मौके पर मौजूद एजाज के पुत्र अब्दुल रहीम ने विरोध किया। इस पर उन लोगों ने अब्दुल की पिटाई कर दी।
जब घर से एजाज व अन्य सदस्य निकले तब अरमान व अन्य लोग अपने घर भाग गए। इसके बाद घर के अंदर से ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसमें एजाज, उसकी पत्नी, पुत्र रहीम घायल हो गया। इसे लेकर एजाज ने अरमान पक्ष पर सरायख्वाजा में मुकदमा दर्ज कराया।
दोबारा भिड़ गए दोनों पक्ष
पत्थरबाजी में अरमान के घर के सदस्य याकूब के पैर में भी चोट आई थी। इसी बात को लेकर अरमान व उसके भाई मोहम्मद रहमान मंगलवार की सुबह एजाज के घर पहुंच गए। पहले तो दोनों ने लाठी- डंडे से वार किया, जब देखा कि घर से अन्य सदस्य आ गए तो दोनों ने असलहा निकालकर दो गोलियां चलाई। इस दौरान एक गोली एजाज के पेट में लग गई, जबकि दूसरी फायरिंग में पुत्र अब्दुल रहीम व उसकी पुत्री सादिया घायल हो गई।
घर के अन्य सदस्य घायलों उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए। जहां उपचार के दौरान एजाज की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार चल रहा है। घटना में पुलिस ने एजाज के भाई असलम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी अरमान, उसके भाई रहमान, मां, बहन को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या बोले अधिकारी
बारजे के विवाद को लेकर मारपीट में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत जबकि दो लोग घायल हैं। इसमें मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी अरमान, भाई रहमान, मां, बहन समेत चार लोगों गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। -शैलेंद्र कुमार सिंह, एडिशनल एसपी ग्रामीण
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.