खेतासराय। क्षेत्र के गोधना गांव निवासी युवक मिर्जापुर से घर लौटते समय रोडवेज बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया। बृहस्पतिवार की शाम वह शाहगंज में अचेत हालत में मिला। युवक को परिजनों ने नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर बताया कि जहरखुरान उसका मोबाइल, 11 हजार रुपये व कागजात लेकर फरार हो गए।
क्षेत्र के गोधना गांव निवासी राम अचल यादव सोनभद्र के बीएसए कार्यालय में लिपिक पद से रिटायर हुए हैं। उनके कुछ कार्य में सहयोग के लिए उनका पुत्र मुनील कुमार यादव बुधवार को मंडलीय कार्यालय मिर्जापुर गया था। वहां से लौटते समय मुनील कुमार शाम को वाराणसी पहुंचा। यहां साढ़े सात बजे जौनपुर आने वाली एक रोडवेज बस में बैठ गया। बस में उसके बगल में बैठा एक युवक तंबाकू बनाने लगा। इसके बाद वह बेहोशी की हालत में आ गया। इधर रात तक घर न पहुंचने पर परिजन परेशान होकर मुनील के मोबाइल नंबर पर संपर्क करना चाहा तो मोबाइल बंद मिला। ढूंढते हुए परिजन वाराणसी पहुंच कर कैंट स्थित पुलिस चौकी में घटना की जानकारी दी। शाम छह बजे के करीब शाहगंज में वह बेहोशी की हालत में मिला। इलाज के लिए परिजनों ने खेतासराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को होश में आने पर मुनील कुमार ने बताया कि उसकी मोबाइल, 11 हजार रुपए और पिता के सरकारी कागजात बैग समेत जहरखुरान उठा ले गए। इस संबंध थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल की जाएगी।