{"_id":"66837e980cf3b449a6054e89","slug":"wanted-criminal-killed-in-jaunpur-encounter-with-stf-police-and-swat-team-accomplices-absconding-2024-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक लाख का इनामी बदमाश ढेर: पुलिस को चार किलोमीटर तक देता रहा चकमा, एके-47 राइफल बरामद; साथी फरार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक लाख का इनामी बदमाश ढेर: पुलिस को चार किलोमीटर तक देता रहा चकमा, एके-47 राइफल बरामद; साथी फरार
Tue, 02 Jul 2024 09:44 AM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर
अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Tue, 02 Jul 2024 09:44 AM IST
सार
Jaunpur News: एक लाख के इनामिया मोनू चवन्नी की तलाश पुलिस को कई वर्षों से थी। जौनपुर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में उसके खिलाफ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार की सुबह हुई मुठभेड़ के बाद मोनू के साथी फरार हो गए।
विज्ञापन
बदमाश से मुठभेड़ के बाद टीम।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जौनपुर के बदलापुर के शाहपुर गोशाला के पास मंगलवार की भोर में हुई मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर हो गया। उसके साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गए। मृत बदमाश की शिनाख्त मऊ जिले के सरायलखंसी के नरई इमिलिया निवासी कुख्यात सुमित कुमार सिंह उर्फ मोनू चवन्नी (35) के रूप में हुई। उस पर एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था।
विज्ञापन
मुठभेड़ के बाद मौके पर पुलिस को एके-47 राइफल, नाइन एमएम की पिस्टल, खोखे व कारतूस मिले हैं। पुलिस घायल बदमाश को जिला अस्पताल ले गई डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस शिनाख्त के बाद कुख्यात सुमित कुमार सिंह उर्फ मोनू चवन्नी का आपराधिक इतिहास जुटा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक मिले सुराग पर एसटीएफ, बदलापुर थाना व स्वाट की संयुक्त टीम वाराणसी लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदलापुर के सरोखनपुर में मुस्तैदी से संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग में जुट गई।
इसी दौरान आई तेज रफ्तार बोलेरो को रुकने का संकेत दिया। उस पर सवार बदमाश पुलिस टीम पर गोलियां चलाते हुए शाहगंज मार्ग पर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर लिया। करीब चार किलोमीटर दूर शाहपुर में पीली नदी पुल से बदमाशों ने बोलेरो दुगौली खुर्द की तरफ मोड़ दिया।
शाहपुर में ही गोशाला के पास बोलेरो मिट्टी में फंस गई। घिर जाने पर बदमाश बोलेरो से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश सिर में गोली लगने से धराशायी हो गया। उसके साथी भागने में सफल हो गए।
इस सम्बंध में एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि जनपद जौनपुर अंतर्गत थाना सिंगरामऊ में 5 मार्च को सुमित कुमार उर्फ मोनू चवन्नी के द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर फायरिंग कर रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा इन अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही थी।
सुमित कुमार के ऊपर एक लाख का इनाम घोषित था और उसके ऊपर लगभग 24 मुकदमे दर्ज हैं। कई मुकदमे हत्या के हैं। गाजीपुर, बलिया, जौनपुर और बिहार राज्य में भी कई मुकदमे पंजीकृत हैं। सुमित उर्फ मोनू चवन्नी की तलाश के लिए एसटीएफ और जौनपुर पुलिस की संयुक्त टीम लगी हुई थी।
मंगलवार को भोर में उसे जैसे ही पीली नदी बदलापुर के पास पुलिस टीम द्वारा को रोकने का प्रयास किया गया उसके द्वारा पुलिस पार्टी पर फायर किया गया। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में मोनू चवन्नी को गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। तब तक मोनू चवन्नी की मौत हो चुकी थी। उसके पास एक एके-47, 9 एमएम पिस्टल व एक बोलेरो गाड़ी बरामद हुई है।