Jaunpur News: विवेक यादव हत्याकांड से नाराज लोगों ने किया चक्का जाम, पुलिस पर पथराव; जान बचाकर भागे अधिकारी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में युवक की हत्या को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने गुरुवार को चक्का जाम कर दिया। इस दौरान उग्र लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
विस्तार
जौनपुर जिले के मंगरमु गांव में विवेक यादव की हत्या के बाद स्वजन बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर ले आए। गुरुवार सुबह से ही निगोह बाजार के तिराहे पर शव लेकर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे और चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह, एसडीएम कुणाल गौरव ने सड़क से लोगों को हटाने का काफी प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। एसपी शैलेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे तो उग्र परिवार के लोग व ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के साथ ही तीखी बहस होने लगी। बाद में पुलिस जबरन शव को स्वजनों के साथ थाने ले आई तो ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव करने लगे। सैकड़ों लोग पुलिस पर पत्थर मारने लगे। इस दौरान पुलिस टीम ने पैदल और गाड़ी से किसी तरह भागकर जान बचाई। बाद में भीड़ पर लाठीचार्ज करते हुए पुलिस ने लोगों को हटाया।
एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह और सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह ने भी किसी तरह भागकर जान बचाई। उधर पथराव में लेखपाल प्रमोद श्रीवास्तव को चोट भी लगी। एसपी ग्रामीण की गाड़ी और थाना मीरगंज, थाना नेवढ़िया, थाना पवारा व सुरेरी की गाड़ी का शीशा टूट गया।
एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घर- घर जाकर आरोपियों की खोजबीन करने में जुटे रहे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही। डीएम दिनेश कुमार ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर शख्त कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान पुलिस टीम ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
यह है पूरा मामला
मंगरमू गांव निवासी 23 वर्षीय विवेक यादव व गहली कठरवा गांव के लवकुश यादव, राजू यादव से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार की देर शाम 9 बजे विवेक यादव सड़क पर खड़ा था तभी गहली कठरवा गांव के राजू यादव व लवकुश यादव पहुंचकर विवेक की पिटाई कर जबरन अपने साथ लेकर चले गए। पिता शंकर यादव को जानकरी होने पर डायल 112 नंबर पुलिस को सूचना दी गई। भाई पुनीत का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची और कहा कि थाने पर जाइए। पुनीत ने पिता के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मौके पर गए लेकिन आरोपी नहीं मिला तो परिजनों को सुबह आने को कहा।

परिजन रात भर परेशान रहे। दो दिन तक विवेक का कुछ पता नहीं चला, परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान रहे। इधर, पिता शंकर यादव की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर अपहरण का मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर लिया। मंगलवार को लगभग 3 बजे परिजनों को बेटे का शव मिलने की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.