संवाद न्यूज एजेंसी
मुफ्तीगंज। क्षेत्र के हनुवाडीह गांव के पास रेलवे लाइन के नीचे बनी पुलिया बंद करने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया बंद करने से कई घरों का पानी निकलना बंद जाएगा।
बता दें कि रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण किया जा रहा है। इसके लिए ट्रैक के नीचे बनी पुलिया को पाटकर रास्ता बनाया जा रहा है। इसके विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने काम रोकने के लिए पुलिया के पास प्रदर्शन किया। गांव निवासी अभय दुबे, संजय दुबे, रवींद्र यादव, अवधेश, विमलेश, राजन आदि का कहना है कि इसी नाली के माध्यम से गांव के सैकड़ों लोगों के घर के गंदे पानी की निकासी होती है। अगर पुलिया पाट दी गई तो लोगों के घर के पानी की निकासी रूक जाएगी साथ ही बरसात के दिनों में लोगों के घर डूब जाएगा। इस समस्या को लेकर क्षेत्र के सांसद बीपी सरोज तथा रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारी को ज्ञापन भी दिया है।