थाना क्षेत्र के उचौरा गांव की सोनकर बस्ती और आसपास के ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था के विरोध में विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बिजली के मीटर उखाड़कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बक्शा-सवंसा विद्युत उपकेंद्र से लगातार बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या बनी हुई है। गांव में दो मेन फेज लाइनों से आपूर्ति होने के कारण बार-बार फाल्ट होता है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका यह भी आरोप है कि फाल्ट होने पर बिना पैसे लिए मरम्मत नहीं की जाती। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद जेई और लाइनमैन फोन नहीं उठाते, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी उनका निस्तारण किए बिना ही शिकायतें बंद कर दी जाती हैं।
उपभोक्ता साहिल सोनकर और बबलू सोनकर ने बताया कि उन्होंने कई बार जेई से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मेन फेज लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं और कई बार टूटकर गिर चुके हैं, जिससे लगातार फाल्ट की समस्या बनी रहती है। इससे करीब 45 उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन में आकाश सोनकर, प्रदीप सोनकर, सुनील सोनकर, सुकेश सोनकर, सिकंदर सोनकर, विशाल सोनकर, रमेश यादव, हौसिला देवी, बिंदा देवी, बबना देवी, कुमारी देवी, हंसा देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।