जौनपुर। जिले में 77 वां गणतंत्र दिवस सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। पुलिस लाइन में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने एसपी डॉ. कौस्तुभ के साथ ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले 46 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। राज्यमंत्री ने कहा कि यह दिन हमारे देश के इतिहास में अत्यंत गर्व का दिन है। इस दिन संविधान निर्माताओं डॉ. भीमराव आंबेडकर व उन महान विभूतियों को नमन करता हूं, जिनकी दूरदृष्टि और त्याग से हमें लोकतंत्र की यह मजबूत नींव मिली। देश विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और विकास के हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। इसके पहले राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। परेड के प्रथम कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता (आईपीएस) व द्वितीय परेड कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) जैन और तृतीय कमांडर के रूप में उपनिरीक्षक विजय नरायण दूबे रहे। परेड में 19 टोलियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों के कुल 19 अलग-अलग दलों ने अपने शौर्य और पराक्रम को प्रस्तुत किया। 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पुलिस महानिदेशक लखनऊ द्वारा जारी सेवा अभिलेख के आधार पर मुख्य आरक्षी इंद्र भगवान तिवारी, निरीक्षक योगेंद्र यादव को सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न प्रदान किया गया। पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 लखनऊ से जारी प्रशस्ति पत्र कमांडर वीर बहादुर यादव, सब कमांडर पूजा शर्मा, पायलट दीपक गौतम, कमांडर देव नारायण पाल, सब कमांडर देवेंद्र यादव, चालक लालजी गौतम, कमांडर धीरज सिंह, चालक रमेश कुमार यादव पीआरवी को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 36 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मौके पर जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।