जौनपुर में चुनावी रंजिश को लेकर घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, लाठी-डंडे से हमले में दस अन्य घायल
महराजगंज थाना क्षेत्र के कंधीकला गांव में हुई वारदात, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात
विस्तार
यूपी पंचायत चुनाव 2021 का परिणाम आने के बाद कई जिलों में चुनावी रंजिश को लेकर तमाम घटनाएं हो रही हैं। एक मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का भी है। यहां चुनावी रंजिश को लेकर जौनपुर के महराजगंज क्षेत्र के कंधीकला गांव में बुधवार दोपहर 25 से 30 मनबढ़ों में जवाहर लाल वर्मा के घर पर हमला बोल दिया और उनके पुत्र संतोष वर्मा की गोली मार कर हत्या कर दी।
वहीं परिवार की महिलाओं समेत अन्य लोगों की जमकर पिटाई की जिसमें १० लोग घायल हो गए। इसके बाद हवा में गोलियां दागते हमलावर फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई थानों की फोर्स के साथ एसपी राजकरन और सीओ बदलापुर गांव पहुंच गए। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने संतोष के छोटे भाई मनोज की तहरीर पर 11 नामजद व कई अज्ञात पर हत्या व बलवा का केस किया है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कलछुली गांव के वर्मा बस्ती निवासी जवाहरलाल वर्मा और उनके परिवार के लोग बुधवार को दोपहर में घर पर थे। तभी 25 से 30 की संख्या में लाठी डंडों के साथ मनबढ़ों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। जो जहां मिला हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिए। एक हमलावर ने जवाहर वर्मा के पुत्र संतोष वर्मा (35) को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष को परिजन सीएचसी बदलापुर ले गए, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
लाठी डंडे के हमले में साधना (19) पुत्री राकेश वर्मा, जवारहलाल (60), पिंटू (17), मिथिलेश (15), अभिषेक (13), हुबेदार (63), राजेश वर्मा (50), मंशा देवी (45), प्रकाश (53), अभिषेक द्वितीय (18) घायल हो गए। घायलों में साधना, जवाहर लाल, हुबेदार, राजेश वर्मा, मंशा देवी की हालत गंभीर देख सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले में घायल जवाहर लाल का आरोप है कि गांव निवासी अमित उपाध्याय की मां आशा देवी चुनाव लड़ी थीं। वह चुनाव हार गईं। वर्मा बस्ती के लोगों ने उनका साथ नहीं दिया। जिससे खुन्नस खाए लोगों ने पहले मोबाइल पर धमकी दी।
रात में भी वर्मा बस्ती पर हमला किया, लेकिन बस्ती के लोग जुट गए। जिससे हमलावरों को भागना पड़ा था। एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर ११ नामजद व कई अज्ञात पर हत्या व बलवा का केस किया गया है। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात की गई है।