गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के धर्मसारी गांव में भूमि विवाद को लेकर सोमवार की रात मनबढ़ों ने टीनशेड में सो रहे किसान पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन के पास चाकू लगने से लहूलुहान किसान को जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
धर्मसारी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (45) खेती करते हैं। उनका गांव के ही रामआसरे से कई वर्ष से विवाद चल रहा है। सोमवार की रात सुरेंद्र घर के सामने लगे टीनशेड में सो रहे थे। आरोप है कि सोते समय ही विपक्षी रात में पहुंचे और धारदार हथियार से सुरेंद्र के गले के पास हमला कर दिया। सुरेंद्र की चीख सुनकर दूसरी चारपाई पर सो रही पत्नी ने शोर मचाया। गांव के लोग उस ओर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष राम प्रवेश कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सुरेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत नाजुक देख डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। घायल सुरेंद्र की पत्नी उर्मिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रामआसरे और उसके दो पुत्र सोनू कुमार, मोनू कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने केशवपुर रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।