बदलापुर/महराजगज। करीब दो माह पहले सिंगरामऊ में सराफा व्यापारी से लूट के मामले में आरोपी एक बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में बदमाश और एक सिपाही जख्मी हुआ है। घायल बदमाश को बीएचयू रेफर कर दिया गया जबकि सिपाही का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, एक बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर दिया है।
एएसपी ग्रामीण संजय राय के मुताबिक बदलापुर थाना क्षेत्र के कडेरेपुर गांव के पास बदलापुर, महराजगंज, बक्शा थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग की जिसमें सिपाही अरविंद कुमार सिंह की बांह में गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश जख्मी हुआ, जिसकी पहचान श्यामले यादव निवासी तियरा थाना बदलापुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि 20 दिसंबर को सिंगरामऊ कस्बे में साधना ज्वेलर्स के संचालक को दुकान से घर जाते समय दो अन्य साथी जैसवाल एवं राजन सिंह की मदद से लूट लिया था। घटना से पूर्व उन्होंने कई दिनों तक व्यापारी की रेकी भी की थी। पुलिस ने श्यामले के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और व्यापारी का मोबाइल फोन बरामद किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में बदलापुर एसओ राजेश यादव, बक्शा एसओ शशिचंद्र चौधरी, महराजगंज एसओ अंगद तिवारी, स्वाट प्रभारी बालेंद्र यादव, सर्विलांस प्रभारी ओमनारायण सिंह आदि शामिल रहे।