जौनपुर। खुटहन -मल्हनी जौनपुर मार्ग के खुटहन बाजार में सड़क पर हुएअतिक्रमण को अब दोबारा सीमांकन कराने के बाद हटवाया जाएगा, इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से राजस्व विभाग से मदद ली जाएगी। शीघ्र ही दोबारा सीमांकन कराने के बाद अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए बुलडोजर चलेगा।
खुटहन-मल्हनी जौनपुर मार्ग के खुटहन बाजार में सड़क पर हुए अतिक्रमण हटवाने को लेकर पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसके लिए समय-सीमा भी निर्धारित कर दी गई थी। हालांकि अब इसमे बदलाव कर दिया गया है। अब दोबार सीमांकन होगा, इसके लिए जल्द ही राजस्व विभाग की मदद से सड़क के दोनों ओर सीमांकन करा लाल निशान लगाया जाएगा। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन का बुलडोजर चलाकर हटवाने का कार्य करेगा। अतिक्रमण हटवाने में होने वाले खर्च की वसूली अतिक्रमण करने वालों से की जाएगी। सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण की वजह से सड़क संकरी हो गई है, जिससे आवागमन पर पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से अभियान के तहत अतिक्रमण हटवाया जाएगा, जिसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। यह सख्ती उच्च न्यायालय ने सख्त रुख के बाद अपनाया है। श्रीचंद यादव ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोर्ट में जाने के साथ ही पीआइएल दाखिल किया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की जा रही है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जैनू राम ने बताया कि दोबारा सीमांकन कराने के बाद अतिक्रमण हटवाया जाएगा। सीमांकन कराने में राजस्व विभाग का सहयोग लिया जाएगा। सीमांकन होने के बाद तोड़-फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।