कोहरा बना काल: जौनपुर में बिजली के खंभे से टकराई बाइक, दो दोस्तों ने तड़पकर सड़क किनारे तोड़ा दम
जौनपुर के के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में देर रात बाइक सवार दो युवक बिजली के खंभे से टकरा गए। रात में घने कोहरे की वजह से यह दुर्घटना हुई है। उपचार नहीं मिलने से दोनों की मौत हो गई।
विस्तार
जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जंघई रोड स्थित नीभापुर (बड़ागांव) में बाइक सवार दो युवकों के लिए कोहरा काल बन गया। बीती रात करीब 10 बजे उनकी बाइक सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। इलाका सुनसान होने की वजह से किसी को पता नहीं चला। सुबह लोगों ने सड़क किनारे दो शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद से मृतकों के घर में कोहराम मचा है। दर्दनाक हादसे के शिकार दोनों युवक दोस्त थे और वो बोलेरो से कबीरपुर गांव गए थे। जहां गाड़ी का टायर पंचर होने पर बाइक लेकर वापस लौट रहे थे। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के विजाधरमऊ गांव निवासी कप्तान सिंह (25) और सागर ऊर्फ नेपाली (23) बीती रात बोलेरो लेकर कबीरपुर गांव स्थित भुक्खल मिश्र के घर गए थे।
बोलेरो का टायर पंचर होने के कारण दोनों भुक्खल मिश्र की बाइक लेकर घर के लिए रवाना हुए। अनुमान लगाया जा रहा है कि बाइक सवार युवक बिजली के खंभे से टकरा गए। रात में घने कोहरे की वजह से यह दुर्घटना हुई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
देर रात होने के कारण किसी की नजर नहीं पड़ी। जिस वजह से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। गंभीर चोट की वजह से दोनों ने सड़क किनारे ही दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जेब से मिले मोबाईल से परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।