जौनपुर में पुलिस की पाठशाला: कानून का करें पालन, सपनों को साकार करने के लिए करें पढ़ाई, एएसपी सीटी और सीओ से खूब पूछे गए सवाल
जौनपुर के जहनिया स्थित कंपोजिट विद्यालय डीह में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। एएसपी सिटी डा संजय कुमार ने छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए बच्चों को पुलिस की समाज में भूमिका बताई।
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा जौनपुर के डीह जहनिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों ने मुख्य अतिथि एएसपी सिटी डा. संजय कुमार और सीओ गौरव शर्मा से सवाल किए। वहीं, कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की प्रतिभा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रशंसा की।
कहा कि कानून का उल्लंघन न करें, बल्कि अपने लक्ष्य तक पहुंचकर अपने माता-पिता के सपनों को साकार करें, इसके लिए मन लगाकर पढ़ाई करें। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से की गई। छात्रों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें नृत्य, संगीत और बाल संसद भी शामिल रहे। इसमें सदन के अंदर की कार्यवाही कैसे होती है और पुलिस का समाज के प्रति रोल के बारे में भी बताया गया।
आसपास हो रही घटनाओं पर देना चाहिए ध्यान
एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए बच्चों को पुलिस की समाज में भूमिका बताई। उन्होंने बताया कि बच्चे सूचना का एक बड़ा माध्यम होते हैं। कोई भी बच्चों के सामने कुछ भी कह देता है, बच्चे स्मार्ट बनकर इन बातों को बड़ों तक पहुंचा सकते हैं। अगर वह कुछ गलत बातें कर रहे हैं तो उसके ऊपर पुलिस को कार्रवाई करने में आसानी हो जाती है। इसलिए सभी बच्चों को अपने आसपास हो रही घटनाओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद करीब डेढ़ से दौ सौ लोगों को डायल 112 के बारे में बताया। साथ ही बताया कि किस तरह से उनको अनजान लोगों से बचकर चलना है। साथ ही अगर वे घर में अकेले हैं तो किसी भी अनजान व्यक्ति को घर के बारे में न बताएं और अगर उन्हें कुछ गड़बड़ लगे तो इसके लिए वह तुरंत फोन करके अपने माता-पिता को बताएं।
यातायात नियमों का पालन करना जरूरी
उन्होंने बताया कि बच्चे 18 साल के बाद भी अपने मां-बाप से पूछकर ही काम करें। एएसपी सिटी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। बिना हेलमेट के बाइक न चलाएं। इस दौरान अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव और संचालन पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय व आभार ज्ञापन प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने किया।
जरूरत के अनुसार ही इंटरनेट का करें इस्तेमाल: सीओ
सीओ गौरव शर्मा ने छात्र-छात्राओं के साथ दोस्त की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। साथ ही इंटरनेट, फेसबुक, व्हाट्सएप के इस्तेमाल के लिए बताया और उसमें समझाया कि अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट को कभी भी स्वीकार न करें, इंटरनेट को जरूरत के अनुसार ही इस्तेमाल करें।
साथ ही पुलिस से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारियां भी दीं। छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके उनके अंदर पुलिस को लेकर उत्पन्न भय को खत्म किया। वहीं, बच्चों ने भी अधिकारियों के साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई, तो उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
बीएसए ने गुड टच और बैड टच की दी सीख
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ बैड टच होता है तो उसके लिए वे फौरन माता-पिता अपने दोस्त, टीचर या पुलिस को बता सकते हैं।