खेतासराय। नगर में शनिवार शाम ईद मिलादुन्नबी का पारंपरिक जुलूस उत्साह के साथ निकाला गया। इस अवसर पर नगर की मस्जिदों, सड़कों और गलियों को करीब दो दर्जन अंजुमनों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम सात बजे शहीदी चौक से जलसागाह के सामने से जुलूस का शुभारंभ हुआ। अंजुमनों ने नातिया कलाम पेश करते हुए नगर का भ्रमण किया। जुलूस में अंजुमन शाफए महशर, खुद्दामे रसूल केराकत, गुलामाने रसूल नरहन, मोहम्मदी अशर्फी बराइया काजी, गुलशने इस्लाम लाल दरवाजा जौनपुर, हनफिया मोईनिया ख्वाजापुर, ख्वाजा गरीब नवाज शेरपुर और अंजुमन सिद्दीकिया जौनपुर के सदस्य शामिल रहे। जुलूस की शोभा बढ़ाते हुए स्टार क्लब देवरिया, अखाड़ा फतेह मोबिन हमाम दरवाजा जौनपुर, अखाड़ा रजब उस्ताद मखदुम शाह अढ़हन, अखाड़ा शादाब उस्ताद तारापुर जौनपुर, और अखाड़ा शाही ईदगाह के मुन्ना चिश्ती उस्ताद सहित विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने अपने करतब और कला का शानदार प्रदर्शन किया। अखाड़ा भुलई शाह मरहूम, रौनक इस्लाम, बड़ी मस्जिद खेतासराय, नोमान उस्ताद मुबारकपुर, जहीर मरहूम-जलील उस्ताद ख्वाजापुर और शाही ईदगाह जौनपुर के खिलाड़ियों ने भी इस प्रदर्शन में भाग लिया।नगर भ्रमण के बाद देर रात जुलूस जलसागाह पहुंचा, जहां एक जलसे का आयोजन किया गया। कारी मेराज अहमद ने तिलावत-ए-कुराआन से जलसे का शुभारंभ किया। इसके उपरांत, मुफ्ती अवैस अहमद मिस्बाही और मौलाना मोहम्मद खालिद मिस्बाही ने पैगंबर मोहम्मद साहब के आदर्शों और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। जलसे की अध्यक्षता कारी जलालुद्दीन बरकाती ने की। कार्यक्रम संयोजक सैयद ताहिर ने सभी अंजुमनों और अखाड़ों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम अहमद, मो. असलम खां, एजाज अहमद सलमानी, इलियास मोनू, सभासद सलीम अहमद, सब्बू सफर, शेख तबरेज अशर्फी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी मय फोर्स गश्त पर रहे। जुलूस का संचालन सर्फराज खां ने किया।