जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह से मनाने के लिए बृहस्पतिवार को सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं। पुलिस अधीक्षक डाॅ. कौस्तुभ ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 8 बजे राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करें। इस बीच बृहस्पतिवार को जिले के सभी शहीद स्मारकों और स्तंभों पर सफाई कराई गई और धरोहर तिरंगे लाइट से सजा दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र की मौजूदगी में सुबह ध्वजारोहण के बाद पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इस दौरान ड्यूटी के दौरान अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित किए जाएंगे। इसके बाद जिले व बाहर के कुछ कलाकारों और बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को सभी शहीद स्मारकों व शहीद स्तंभों पर माल्यार्पण किया जाएगा। 14, 15 व 16 अगस्त की रात में सरकारी कार्यालयों, भवनों व शाही पुल, महत्वपूर्ण स्मारकों के साथ ही सभी चौराहों पर तिरंगे के रंग में लाइटिंग कराई जाएगी। चौराहों पर हुए अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सुबह 8 बजे पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण होगा। शाम 6 बजे टाउनहाल नगर पालिका कार्यालय परिसर में जनसभा का आयोजन होगा। इसमें स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति से संबंधित व्याख्यान होंगे।