स्टंट दिखाने के चक्कर में गई जानः चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश के दौरान पहिये के नीचे आया युवक, अस्पताल में तोड़ा दम
गाजीपुर के रामपुरदवन गांव में युवक ने स्टंट दिखाते हुए ट्रैक्टर को धीमी चाल में करके छोड़ दिया। कुछ देर बाद उसे लगा कि शायद ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ रहा है तो उसने चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश की। उसी दौरान पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया।
विस्तार
स्टंट दिखाने के चक्कर में एक युवक ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। उपचार के दौरान मंगलवार देर रात अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रामपुरदवन गांव में मंगलवार दोपहर की है। ग्रामीणों के मुताबिक रामपुर दवन गांव निवासी विपिन कुमार (27) ट्रैक्टर लेकर राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के पास पहुंचा।
जहां स्टंट दिखाते हुए उसने ट्रैक्टर को धीमी चाल में करके छोड़ दिया। ट्रैक्टर कुछ दूर अपने से चलता रहा। कुछ देर बाद विपिन को लगा कि शायद ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ रहा है तो उसने चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश की। उसी दौरान पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया।
विपिन की हालत गंभीर होते देख ग्रामीण निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां देर रात उपचार के दौरान विपिन की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। विपिन की मां गीता देवी ने घटना की सूचना चौकी इंचार्ज शिकारपुर को दी। चौकी इंचार्ज रोहित मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गाजीपुरः नदी में गिरा ट्रैक्टर, चालक ने कूद कर बचाई जान
गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के पुरानीगंज स्थित टौंस नदी के पुल पर बुधवार को अचानक बालू लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली का गुल्ला टूट गया। ट्रॉली तो मौके पर ही पलट गई, लेकिन ट्रैक्टर रेलिंग को तोड़ते हुए 30 फीट नीचे नदी में जा गिरा। संयोग रहा कि चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बच गई। वहीं उस दौरान किसी अन्य वाहन के न आने से बड़ा हादसा होते- होते बच गया।
रसूलपुर निवासी चालक निरंजन यादव ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बालू लादकर गांव जा रहा था। पुरानीगंज स्थित टौंस नदी के पुल पर अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का गुल्ला टूट गया। अभी चालक कुछ समझ पाता तब-तक बालू लदा ट्रॉली मौके पर ही पलट गया। जबकि ट्रैक्टर रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। किसी तरह चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। संयोग अच्छा रहा कि घटना के बाद कोई हताहत नहीं हुआ।