बरईपार। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में मछलीशहर पुलिस ने साइबर ठगी एवं धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर को साइबर ठग हैक करके उसके नाम-पते का दुरुपयोग करते हुए उज्ज्वल कार्ड बनवाया गया और उसके जरिए लोन लेने का प्रयास किया। पीड़ित के प्रार्थना पत्र के अनुसार मछलीशहर थाना के सराययूसुफ निवासी सुभाषचंद्र बिंद ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 15 फरवरी को उसके मोबाइल नंबर को साइबर ठगों ने हैक करके उसके नाम पर होम क्रेडिट इंडिया फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से उज्ज्वल कार्ड बनवा लिया गया। इसके बाद उसके नाम से करीब 22,051 रुपये का बकाया दर्शाते हुए भुगतान के लिए नोटिस भेजा गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने उक्त कंपनी से न तो कोई ऋण लिया और न ही अपने क्रेडिट कार्ड से संबंधित कोई मोबाइल खरीद की। जांच-पड़ताल के दौरान उसे जानकारी हुई कि उसके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर मोहित, निवासी गली नंबर-6, कमिश्नरी ग्राउंड, श्मशान घाट रोड, ब्लॉक डी, कबीर नगर, शहरदरा, दिल्ली ने उज्ज्वल कार्ड से खरीदारी की थी। आरोप है कि मोहित ने कथित रूप से कंपनी के साथ मिलीभगत करके शिकायतकर्ता की पहचान एवं मोबाइल नंबर का दुरुपयोग किया। उसके नाम पर वित्तीय लेनदेन किया। शिकायतकर्ता ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने 21 मार्च को मछलीशहर थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई न होने पर 16 जुलाई को पुलिस अधीक्षक जौनपुर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी। इसके बाद न्यायालय की शरण ली। कोतवाली निरीक्षक विनीत कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।