कोविड वैक्सीन खत्म होने के कारण जिले में टीकाकरण कार्य बंद हो गया है। सोमवार को दोपहर बाद ही वैक्सीन की डोज खत्म हो जाने के कारण तमाम लोग बिना वैक्सीन लगवाए ही लौट गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहन है कि वैक्सीनेशन के लिए अभी जिले के लोगों को इंतजार करना पडे़गा। वैक्सीन आने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 से 44 साल तक के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान चल रहा है। शासन स्तर से प्रतिदिन 16 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा था। इस बीच सोमवार को दोपहर बाद वैक्सीन खत्म हो गई। वैक्सीन के लिए शासन के पोर्टल पर अपडेट किया गया है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन आने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद जिले में टीकाकरण कार्य फिर शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण खत्म नहीं हुआ है। संक्रमण से बचने के लिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। चार से छह सप्ताह के भीतर संक्रमण फिर से फैलने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सभी को भीड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करने की जरूरत है। कोविड संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एक मात्र विकल्प है। जिले के ऐसे लोग जो किसी कारण से अभी तक टीका नहीं लगवा सके हैं, वह अपने नजदीक के केंद्र पर पहुंच कर टीका जरूर लगवाएं।