जौनपुर: एसडीएम के बाद सीओ सदर भी कोरोना पॉजिटिव, 43 नए केस मिले, आजमगढ़ में 18 कोरोना संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले में कोरोना का संक्रमण जिले में दिनोदिन भयावह रुप लेता जा रहा है। सदर एसडीएम के बाद बृहस्पतिवार को सदर सीओ भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। मछलीशहर सीएचसी के अधीक्षक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल 43 नए केस में अधिकांश शहरी क्षेत्र के हैं। हनुमानघाट मोहल्ले में एक ही परिवार के दस और वाजिदपुर में आठ लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। एक केस अंबेडकर चौराहा और एक टीबी अस्पताल रोड का है। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 806 हो गई है। इनमें 11 मरीजों की मौत हुई है। गुरुवार को 39 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब कुल एक्टिव केस 197 रह गया है।
रामपुर थाने के माध्यम से पुलिस विभाग में कोरोना का संक्रमण तेज हुआ था। इस थाने के 16 सिपाहियों के पॉजिटिव मिलने के बाद सभी थानों के स्टाफ और पुलिस अधिकारियों के सैंपल लेकर जांच कराए जा रहे हैं। सदर सीओ ने भी जिला अस्पताल के ट्रू नेट मशीन में सैंपल देकर जांच कराई थी। गुरुवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सदर एसडीएम दो दिन पहले ही कोरोना संक्रमित हो गए थे।
सीओ के भी बीमार होने के बाद शुक्रवार को उनके कार्यालय को बंद रखकर सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, कोरोना जांच और मरीजों की पहचान के लिए विभिन्न अभियानों में सक्रिय रहे मछलीशहर सीएचसी के अधीक्षक की रिपोर्ट भी ट्रू नेट मशीन में पॉजिटिव आई है। उन्हें रेहटी में एल-2 श्रेणी के अस्पताल भर्ती कराया गया है।
अधीक्षक के पॉजिटिव होने के बाद दिन में मछलीशहर सीएचसी की ओपीडी को ठप कर दिया गया है। पूरे परिसर में दवा का छिड़काव कराया गया। धर्मापुर ब्लाक के गजना कोड्डा गांव में आठ जुलाई को मिले कोरोना मरीज के संपर्क में आए पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुंबई से आए जलालपुर के कोठना ओइना निवासी तीन, मड़ियाहूं के कुंभी ओकलपुर निवासी एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। रामपुर में रैंडम सैंपलिंग के दौरान एक स्थानीय संक्रमित मिला है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को 307 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 43 पॉजिटिव हैं। अभियान चलाकर 540 नए सैंपल लिए गए। इसे मिलाकर अब तक कुल 19681 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 16465 की रिपोर्ट आ चुकी है।
शहर के हनुमानघाट में 10, वाजिदपुर में आठ मरीज मिले
जिले में कोरोना का संक्रमण जिले में तेजी से भले फैल रहा था, लेकिन राहत की बात थी कि शहरी क्षेत्र में इसका असर कम था। आज आई रिपोर्ट में ज्यादातर मरीज शहर के ही हैं। शाही पुल से सटे हनुमानघाट क्षेत्र में सराफा का काम करने वाले एक व्यक्ति में 9 जुलाई को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 10 जुलाई को परिवार व संपर्क में आए अन्य लोगों को सैंपल लिया गया।
इसमें दस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं वाजिदपुर इलाके में भी चार जुलाई को संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए आठ लोग पॉजिटिव मिले हैं। आंबेडकर चौराहा निवासी एक युवक को सर्दी-खांसी बुखार होने पर सैंपल लिया गया था और टीबी अस्पताल रोड निवासी युवक का टेस्ट एंटीजन टेस्ट किट से किया गया था। दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने बताया कि हनुमान घाट को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए वहां शुक्रवार से दोबारा घर-घर जांच कराई जाएगी। संदिग्ध लोगों को मौके पर ही रैपिड टेस्ट कर रिपोर्ट बताया जाएगा। सीआरओ को इसका नोडल बनाया गया है।
आजमगढ़ जनपद में 18 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब संक्रमितों की संख्या 406 हो गई। इसमें 129 सक्रिय मरीज हैं। 267 स्वस्थ हो चुके हैं और 10 की मौत हो चुकी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि 18 व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
इसमें एक व्यक्ति टोडरपुर रानी की सराय, एक व्यक्ति सुरसी जाफरपुर पल्हनी, दो व्यक्ति शहर के आसिफगंज चौक, एक व्यक्ति मिठ्ठनपुर रानी की सराय, एक व्यक्ति कोडर रानी की सराय, चार व्यक्ति हुसैनाबाद निजामाबाद रानी की सराय, दो व्यक्ति सुराईं रानी की सराय, एक व्यक्ति जमीन कटघर रानी की सराय, एक व्यक्ति मिर्जापुर, आजमगढ़, एक व्यक्ति चिंउटही मुबारकपुर, एक व्यक्ति अवांव सठियांव, एक व्यक्ति हरबंशनगर मेंहनगर, एक व्यक्ति जीयनपुर आजमगढ़ का रहने वाला है। बताया कि संबंधित तहसीलों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कंटेनमेंट जोन घोषित होगा।