जौनपुर। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर सोमवार की शाम को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामकथा में पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कहा कि उनका बयान हताशा और निराशा को दर्शाता है। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए खड़गे से पूरे देश के सामने माफी मांगने की मांग की।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाए जाने पर राजभर ने कहा कि यदि चुनाव में धांधली हुई है तो समाजवादी पार्टी के जो सांसद और विधायक चुनाव जीते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। कहा कि विपक्ष को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास जैसे विषयों पर बात करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को उदाहरण बताया। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में दंगे, कर्फ्यू और गैंगवार जैसी घटनाएं होती थीं। सैफई में होने वाले आयोजनों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब एआई के माध्यम से सपाई अपने नेताओं को नचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आम जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ है।