जौनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश एमपी सिंह के निर्देश पर मंगलवार को सचिव शिवानी रावत ने जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल निरीक्षण किया। महिला बंदियों के लिए विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
डिप्टी जेलर सुनील दत्त मिश्रा ने बताया कि जिला कारागार में कुल 988 बंदी हैं। जिनमें 51 महिला बंदियों में से 4 सिद्धदोष तथा 47 विचाराधीन बंदी हैं। कुछ महिला बंदियों के साथ 6 साल से कम उम्र के 8 बच्चे हैं। सचिव शिवानी रावत की तरफ से महिला बंदियों की बैरक क्षमता के बारे में पूछे जाने पर डिप्टी जेलर ने बताया कि महिला बंदियों को निरुद्ध करने के लिए एक बैरक है। जिसकी क्षमता 30 बंदी की है, परंतु इसकी तुलना में यहां 51 महिला बंदी निरुद्ध हैं। शौचालयों की संख्या महिला बंदियों की 5 बताई गई। सात साल तक की सजा वाले कुल 54 बंदियों को 60 दिन के अंतरिम जमानत पर रिहा किया जा चुका है। जिसमें एक महिला बंदी भी शामिल है। बंदियों को कोविड-19 संक्रमण की द्वितीय लहर से सुरक्षा के नियमों तथा सामाजिक दूरी बनाए रखने, मास्क का प्रयोग एवं नियमित अंतराल पर सेनिटाइजर अथवा साबुन से हाथ धोने इत्यादि के बारे में बताया गया। इस अवसर पर डिप्टी जेलर सुनील दत्त मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।