जौनपुर। शहर के ईशापुर मुहल्ले में भारत संचार निगम लिमिटेड के स्टोर में सोमवार की भोर में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड जौनपुर व वाराणसी की नौ दमकलों को 16 घंट तक मशक्कत करनी पड़ी। आग से ऑप्टिकल फाइबर केबल, पाइप, उपकरण सहित अन्य सामान जल गए। अगलगी का कारण स्टोर में लगे ट्रांसफॉर्मर में शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। स्टोर प्रभारी के मुताबिक आठ करोड़ से अधिक की क्षति का अनुमान है।
शहर के ईशापुर मोहल्ले में बीएसएनएल का स्टोर है, इसमें पूरे जिले के विभागीय उपकरण और पुर्जे रखे जाते हैं। सोमवार की भोर में करीब साढ़े 3 बजे ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। स्टोर में तैनात कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते, आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। ट्रांसफॉर्मर के आग ने गोदाम में रखे केबल, पैनल, पाइप, उपकरण और अन्य सामान को भी चपेट में ले लिया। गोदाम में ऊंची लपटें और रह-रहकर होते धमाकों से आसपास के लोग सहम गए। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की लपटें 25-30 फीट ऊपर तक उठ रही थी। आवासीय इलाका होने के चलते पुलिस-प्रशासन के भी कान खड़े हो गए। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार सहित अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंच राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आग को फैलने से रोकने के लिए वाराणसी से भी फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां बुलाई गई। करीब 13 घंटे की मशक्कत के बावजूद रात आठ बजे तक आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई थी। आग के कारण आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी ठप कर दी गई। स्टोर के प्रभारी प्रबुद्ध सिन्हा ने बताया कि आग से आठ करोड़ से अधिक की क्षति हुई है। स्टॉक से मिलान कर क्षति की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।