UP: पिता ने 18 माह की बेटी को गोमती नदी में फेंका, पत्नी ने कहा- वह बोले थे तीसरी बेटी नहीं रुखूंगा; रपट दर्ज
Jaunpur News : जौनपुर जिले में एक पिता ने अपनी 18 माह की बच्ची को नदी में फेंक दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
UP News: केराकत थाना क्षेत्र के टड़वा गांव में बुधवार की सुबह एक पिता ने अपनी ही 18 माह की बेटी को गोमती नदी में जिंदा फेंक दिया। हिरासत में लिए जाने पर बोला इसे पत्नी ने मायके से लाया था। वहीं, पत्नी का आरोप है कि गर्भ के ही समय पति ने कह रहे थे कि बेटी होगी तो वह नहीं रखेगा और पहले भी दो बार बेटी को मारनेे की कोशिश कर चुका है। फिलहाल, पुलिस नदी में फेंकी गई मासूम की तलाश में जुटी हुई है।
खरगसेनपुर निवासी अशोक विश्वकर्मा की शादी करीब 20 वर्ष पहले संजू विश्वकर्मा के साथ हुई है। दोनों से तीन बेटियां आकांक्षा (18), श्रृष्टी (13) और रुतबी (18 माह) हैं। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह के मुताबिक बुधवार सुबह करीब नौ बजे केराकत पुलिस को सूचना मिली कि अशोक ने अपनी 18 माह की बेटी रुतबी को नदी में फेंक दिया है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजीत रजक, कोतवाली प्रभारी सहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों में मचा कोहराम
संजू विश्वकर्मा ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि अशोक सुबह करीब सात बजे उसकी मासूम बेटी रुतबी को घुमाने के बहाने घर से निकले थे। काफी देर बाद बड़ी बेटी आकांक्षा ने फोन कर घर आने को कहा तो उसने थोड़ी देर में आने की बात कहीं। इसके कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि अशोक दो किलोमीटर दूर टड़वा गांव में नदी के किनारे बच्ची के साथ देखा गया है।
मां अपनी दोनों बेटियों के साथ उसे ढूढंने चीखते हुए नदी के किनारे पहुंच गई। लेकिन वहां कुछ नहीं मिला तब बेटियों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने अशोक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। नदी में गोताखोरों और नाव की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी पिता से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोली पुलिस
कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी पिता से पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।