मिलावटी शराब के धंधे में परिवार संलिप्त: 21 पेटी शीशी के साथ ससुर-बहू गिरफ्तार, विधानसभा चुनाव में खपाने की थी तैयारी
चुरावनपुर गांव निवासी धनंजय यादव अवैध शराब का काम करता है। वह धौकलगंज सुजियामऊ निवासी सत्यप्रकाश के साथ कारोबार करता है। वह सत्यप्रकाश के घर में अवैध शराब रखवाता था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बक्शा पुलिस और आबकारी सदर की टीम ने बुधवार की देर रात धौकलगंज सुजियामऊ स्थित एक मकान में छापा मारकर 945 शीशी मिलावटी शराब बरामद की। यह शराब विधानसभा चुनाव के दौरान खपाने की तैयारी थी। मामले में ससुर और बहू को गिरफ्तार किया गया है। शराब का क्यूआर कोड नकली पाया गया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में बताया कि चुरावनपुर गांव निवासी धनंजय यादव अवैध शराब का काम करता है। वह धौकलगंज सुजियामऊ निवासी सत्यप्रकाश के साथ कारोबार करता है। वह सत्यप्रकाश के घर में अवैध शराब रखवाता था।
वहां से सत्यप्रकाश की पत्नी कंचन देवी और उसका पिता लल्लन बेचते थे। इसकी जानकारी बक्शा थाने की पुलिस को हुई। इस पर थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने आबकारी निरीक्षक सदर श्याम कुमार गुप्ता के साथ बुधवार की रात सत्यप्रकाश के घर में छापा मारा। उस समय घर में ससुर लल्लन और बहू कंचन मिली। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सत्यप्रकाश और धनंजय भाग गए। पुलिस ने घर में एक गत्ते का पैकेट बरामद किया। इसमें 21 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल की 45-45 शीशी शराब थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि सभी आरोपी अपमिश्रित पदार्थ व स्प्रिट से अवैध शराब बनाकर और नकली रैपर, नकली क्यूआर कोड लगाकर बेचते थे।
पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आबकारी निरीक्षक सदर श्याम कुमार गुप्ता ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन करने पर वह नकली पाया गया।