17 दिन बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज भदेवरा के ग्रामीण सोमवार को गौराबादशापुर थाने के गेट के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने पर रोष जताया। ग्रामीणों ने शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। सीओ केराकत के समझाने पर ग्रामीण शांत हो गए।
भदेवरा गांव निवासी उमेश सिंह उर्फ डब्बू का शव 17 दिन पहले एक कुएं से बरामद हुआ था। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गौराबादशाहपुर थाने पर गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन आज तक आरोपियों को नहीं पकड़ा जा सका है, जिससे नाराज होकर मृतक के परिजनों सहित ग्रामीण थाने के गेट के सामने धरना प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप था कि पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश भी नहीं दे रही है। इसकी जानकारी होने पर सीओ शुभम तोड़ी ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाना शुरू किया। उन्होंने मृतक के परिजनों और धरने पर बैठे ग्रामीणों से आरोपियों को पकड़ने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही उचित कार्यवाही की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिसके बाद ग्रामीण शांत हो गए और धरना समाप्त किया। धरना देने वालों में विजय सिंह, सीताराम सिंह, दिनेश सिंह, भोला सिंह, पुरेन्द्र सिंह, विमलेश सिंह, दिनेश सिंह, अखिलेश सिंह, रविन्द्र चौबे, राजेश चौबे, जोगेंद्र सिंह, अभय सिंह आदि मौजूद रहे।