मीरगंज। मछलीशहर ब्लाक के बामी ग्राम पंचायत में बसुही नदी के किनारे पटरी एवं बीच-बीच में चेकडैम निर्माण के लिए शनिवार को राजस्व विभाग एवं पंचायती राज विभाग की टीम ने सामूहिक रूप से किया। यह कार्य मनरेगा कंवर्जेंशन अंतर्गत कराया जाएगा।
मछलीशहर ब्लाक में बसुही, विरवा और वरुणा नदी के किनारे कुल 25 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण योजना के तहत कार्य प्रस्तावित हैं, जिसमें बसुही नदी के किनारे रामगढ़, अमारा, कल्यानपुर, सहनी, ऊंचडीह, बरांवा, सेमरहो, बामी, अदारी, अलापुर करौरा, भटेवरा, तिलौरा, बिरवा नदी किनारे जुडऊपुर, खजुरहट, पहाड़पुर, कोढ़ा, पुराफगुई, ताजुद्दीनपुर, कोटवा, बसहटा, करौंदी, टेकारडीह, वरुणा नदी किनारे अमाई, कसेरवा शामिल हैं। इसके लिए तिथिवार टीम बनाकर भूमि सीमांकन का कार्य पूरा करने को कहा गया है। इस संबंध में बीडीओ मछलीशहर अस्मिता सेन ने बीते बृहस्पतिवार को नदी किनारे वाली ग्राम पंचायतों के प्रधानों साथ ब्लाक मुख्यालय पर बैठक की थी। इसमें पटरी निर्माण का कार्य हो जाने से नदियों के किनारे आवागमन सुगम हो जाने पर जोर दिया। वर्षा जल के तीव्र बहाव पर भी रोक लगने और जल संचय होने में मदद की बात कही गई। इसके बाद शनिवार को बसुही नदी के किनारे सीमांकन का कार्य राजस्व और जिला पंचायतराज विभाग की ओर से किया गया।