वाराणसी-सुल्तानपुर रेल प्रखंड स्थित उचौरा गांव के सोनकर बस्ती के पास रेल लाइन पर रविवार को दोपहर में दो युवतियों की कटी हुई लाश मिली। इनमें से एक का सिर कटा था और दूसरे का हाथ कटा हुआ था।
वाराणसी-सुल्तानपुर रेल प्रखंड पर लखौवा रेलवे क्रासिंग के पहले उचौरा गांव की सोनकर बस्ती है। जहां दोपहर में गांव के किसी युवक ने दो युवतियों का शव देखकर शोर मचाया। शोर सुन लोगों की भीड़ जुट गए। घटना की सूचना पर बक्शा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक रेलवे लाइन पर एक करीब 20 वर्षीय युवती, जिसका हाथ कटा हुआ था और वह नीले रंग की टॉप तथा लाल सलवार व हाथ में रक्षा पहने हुई थी। दूसरी युवती की करीब 25 वर्ष है। जिसका सिर शरीर से अलग था। वह लाल सूट तथा ब्लैक सलवार पहने हुई थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पटरी के किनारे रखवाया। जहां करीब दो घंटे तक शवों की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई। शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों से भी लोगों को बुलाया गया। उधर, मौके पर मौजूद ग्रामीण तरह-तरह की चर्चा करते देखे गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद सिंह का कहना है कि अभी शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।