करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर अकबर गांव में मंदिर पर मंगलवार को प्रसाद लेने गए दो युवकों की दबंगों ने पीटाई कर दी। परिजनों ने पुलिस को बुलाया तो गुस्साए दबंग घर पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। घर के सामने खड़ी पिकअप जीप, बाइक व इलेक्ट्रानिक कांटा आदि तोड़ डाला। मामले में पुलिस ने पांच लोगों का गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
खानपुर अकबर गांव निवासी संतोष जायसवाल की बाजार में बर्तन की दुकान है। होली के अवसर पर पांच बजे भोलेनाथ मंदिर पर पूजा- भण्डारा का आयोजन था, जहां उसके भतीजे प्रसाद लेने के लिए गए हुए थे। आरोप है की विकास मौर्य पक्ष के लोगों ने विक्की जायसवाल व आकाश जायसवाल को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने डायल 112 को फोनकर जानकारी दी। इसके पहले विकास पक्ष के लोग थाने पहुंच गए थे, जिन्हें पुलिस वालों ने बैठा लिया।पुलिस कार्यवाई से गुस्साए विकास मौर्य पक्ष के लोगों ने संतोष जायसवाल के घर पर पथराव शुरू कर दिया। लोग मारने-पीटने के लिए घर पर चढ़ गए। चैनल गेट बंद कर परिजनों ने खुद को किसी तरह बचाया। मनबढ़ों ने घर के सामने खड़ी पिकअप जीप,बाइक और दुकान के सामने रखा इलेक्ट्रानिक काटा, वर्तन, कुर्सी नष्ट कर दिया। पुलिस ने उक्त मामले में पांच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।