जौनपुर। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण का चौथा मामले सामने आया है। बदलापुर तहसील क्षेत्र का 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजीटिव मिला है। वह सहारनपुर के देवबंद मदरसे का छात्र है। करीब दस दिन पूर्व वह घर आया था। उसके साथ आए वाराणसी के दो युवकों में कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद उसे पांच अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाब का नमूना जांच को भेजा गया था। बुधवार को रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। युवक के परिवार के पांच सदस्यों समेत 12 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजा गया है। उसके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
लॉकडाउन के बाद देवबंद मदरसे में पढ़ने वाले पूर्वांचल के छात्र घर लौट आए थे। 28 मार्च को एक बस से वाराणसी और जौनपुर के छात्रों का जत्था पहुंचा। सब अपने-अपने घर चले गए थे। कुछ दिन बाद बस में सफर करने वाले वाराणसी के दो छात्रों में कोरोना संक्रमण मिलने के बाद बस में सवार में अन्य साथियों की खोजबीन शुरू हुई थी। इसमें जिले के शाहगंज, खेतासराय, बदलापुर, केराकत सहित अन्य क्षेत्रों से 14 छात्रों को घर से बुलाकर आश्रय स्थलों में क्वारंटीन में रख दिया गया था। सभी के सैंपल जांच को भेजे गए थे। शाहगंज के सर सैयद इंटर कॉलेज में बने आश्रय स्थल में रखे गए सभी दस छात्रों के सैंपल निगेटिव आए हैं। जिला अस्पताल में रखा गया बदलपुर के एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव मिली है। बुधवार की दोपहर जिले में चौथे कोरोना मरीज की पुष्टि के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्वास्थ्य टीम को बदलापुर रवाना करते हुए उसके परिवार और संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान कर सैंपल लेने के लिए निर्देश दिए गए हैं। युवक के घर व आसपास के इलाके को सैनिटराइज करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। बता दें कि जिले में 23 मार्च को सबसे पहले शहर के फिरोसेपुर मोहल्ला निवासी मोहम्मद असहद में कोरोना पॉजीटिव पाया गया था। सत्रह दिनों तक चले उपचार के बाद छह अप्रैल को असहद को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात से शामिल होकर यहां आए एक बांग्लादेशी नागरिक समेत दो लोगों में दो अप्रैल को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब यह चौथा मामला सामने आया है।