जौनपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष की सह पर अवैध रुप से जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया। कांग्रेसियों का कहना था कि मोहल्ला दिलाजाग पठान टोला में भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने वर्ष 2015 में मुख्तार अहमद का पांच विश्वा जमीन बैनामा लिया था। अब गलत मंशा से अवशेष भूमि भी कब्जा की जा रही है। पीड़ित अफसरों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन मामला सत्ताधारी दल से जुड़ा होने के कारण कोई सुनवाई नहीं हो रही। मामले को संज्ञान में लेते हुए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर ज्ञापन दिया जा रहा है। सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रियाज अहमद राज, कांग्रेस शहर अध्यक्ष सौरभ शुक्ला, राकेश सिंह डब्बू, शाहनवाज खान, अशरफ़ अली, मोहम्मद साजिद मानू, मुख्तार अहमद, जलाल अहमद झल्लू आदि शामिल रहे।