UP: जुआ खेलने के आरोपी लापता युवक की मिली लाश, पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा था; जानें पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जुआ खेलने के आरोपी की लाश मिलने की सूचना मिलते ही माैके पर पुलिस भी पहुंच गई। इस मामले में पुलिस ने एक दिन पहले मुकदमा दर्ज किया था। रुपये भी बरामद हुए थे।
विस्तार
Jaunpur News: जौनपुर के जमैथा गांव में 17 अक्तूबर की देर शाम जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों में से अब भी चार लापता हैं, जबकि कार्रवाई के बाद से लापता चल रहे एक युवक का शव गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर स्थित गोमती नदी में बरामद हुआ है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के जमैथा गांव में शुक्रवार की देर शाम क्राइम ब्रांच की टीम ने गोमती नदी के किनारे छापा मारा था। पुलिस ने मौके से सात लोगों को जुआ खेलने के आरोप में पकड़ा था। मौके से कुल 78300 रुपये बरामद हुए थे। पूछताछ में आरोपियों से आठ लोगों के नाव से भागने की जानकारी मिली।
इसी बीच, रविवार को सुबह जुआ खेलने के आरोपियों में शामिल ढालगर टोला निवासी आकाश गोस्वामी ने रासमंडल निवासी नितिन जायसवाल के परिवार को बताया कि नितिन नदी में कूद गया था। इसकी जानकारी होने पर परिवार के लोग खोजबीन करने लगे।
पुलिस ने की कार्रवाई
उधर, जानकारी होने पर पुलिस ने आकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आकाश ने बताया कि छापा के बाद नाव से आठ साथियों के साथ वह नदी पार कर गया था, जबकि लापता हुए उसके साथी नितिन ने मोबाइल फोन उसे देकर कहा कि तुम लोग जाओ, वह नदी में तैरते हुए निकल जाएगा।
उधर, पुलिस की जांच में यह बात सामने आ रही है कि लापता हुए व्यक्ति के पास डेढ़ लाख रुपये थे, जो जुआ के ही थे। इससे उस पर शक गहरा है। अब पुलिस से आरोपी बता रहा है कि जुआ खेलाने वाले भी दो नामजद लोग उसके साथ थे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इसी बीच रविवार की देर शाम धर्मापुर के पास नदी में शव मिला। रासमंडल निवासी कलावती देवी ने शनिवार की रात मुकदमा दर्ज कराया।
मिली तहरीर
तहरीर में उन्होंने बताया कि उनके पति प्रेम चंद्र जायसवाल का निधन हो चुका है। उनका बेटा नितिन जायसवाल (32) जुआ खेलने की लत में पड़ गया। 17 अक्तूबर को ढालगर टोला निवासी आकाश गोस्वामी जुआ खेलने के लिए नितिन को अपने साथ ले गया।
आरोप है कि आकाश गोस्वामी का संबंध मनीष सिंह, संतलाल पहलवान, गुड्डू बिंद और लाल बाबू नाम के व्यक्ति से भी है। ये लोग जुआ खेलवाने का काम करते हैं। परिवार के लोग आकाश की बातें सुनने के बाद नितिन के साथ अप्रिय घटना की आशंका जाहिर करने लगे थे। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि नितिन के शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।