बदलापुर। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम आई बारात में उस समय बवाल मच गया जब दूल्हे ने ऐन मौके पर निकाह से इनकार कर दिया। मौके की नजाकत भांप कर दूल्हे का पिता मौके से खिसक गया और अधिकतर बराती भी खाना खाने के बाद रात में ही चले गए। घरातियों ने दूल्हे सहित बारह से अधिक बरातियों को बंधक बना लिया। शादी में हुए खर्च का भुगतान करने के बाद ही छोड़ने पर अड़ गए। दोनों पक्षों में सोमवार की देर रात से शुरू हुई पंचायत मंगलवार की शाम पांच बजे तक चली लेकिन बात नहीं बनी। सूचना पर पुलिस घराती और बाराती पक्ष के लोगों को थाने ले आई।
बदलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का निकाह महराजगंज थाना क्षेत्र के सराय परशुराम राजाबाजार निवासी मुहर्रम के लड़के मुहम्मद तौफीक के साथ तय हुई थी। सोमवार को बारात समय से आ गयी। रात साढ़े दस बजे मौलाना ने निकाह पढ़वाना शुरू किया तो लड़की ने निकाह कबूल कर लिया लेकिन लड़के ने निकाह कबूल करने से मना कर दिया। उसने कहा कि वह रात 12 बजे के बाद निकाह पर अपनी राय देगा। इसी बात पर घरातियों व बरातियों के बीच तू -तू ,मैं -मैं होने लगी। बात बिगड़ती देख बराती रात को ही भाग निकले। दूल्हे तौफीक, भाई मुस्लिम , मौसेरे भाई भोलू , नाजिम , सलीम सोनू आदि बरातियों को लड़की के घर वालों ने बंधक बना लिया। लड़की के पिता का कहना था कि जब तक शादी का खर्च लड़के वाले अदा नहीं कर देंगे तब तक दूल्हे को छोड़ा नहीं जाएगा। पंचायत में जिला पंचायत सदस्य दूधनाथ केवट, पूर्व प्रधान राम अधार यादव , पूर्व प्रमुख बक्शा सुल्तान अहमद, मुहम्मद रईस , सोचन अली ने मामले को सुलझाने की कोशिश की लेकिन मंगलवार को शाम पांच बजे तक बात नहीं बनी। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दूल्हा, बरातियों और घराती पक्ष के लोगों को थाने ले आई। इंस्पेक्टर राजेश यादव का कहना है कि दोनों पक्षों में थाने में पंचायत चल रही है। कोई तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।