अदलहाट। बीएचयू में रसायन विभाग के शोधार्थी छात्र अमित पटेल भारत सरकार के सहयोग से 28 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच जर्मनी में सात दिवसीय आयोजित होने वाले 75 वें लिंडाऊ सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां दुनियाभर के रसायन और मेडिसिन नोबेल पुरस्कार विद्वानों के साथ 400 शोधार्थी सम्मेलन का हिस्सा बनेगे। इस दौरान अमित को विश्व पटल पर अपने शोध कार्य को प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
पचेगड़ा गांव निवासी विजय बहादुर सिंह के छोटे पुत्र अमित पटेल को पिछले वर्ष मलयेशिया के साइबरजया विश्वविद्यालय कुआलालंपुर में 22 से 23 मई के बीच संपन्न हुए चतुर्थ (आईसीबीटीएमएच) अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 2025 में प्रथम बेस्ट ओरल प्रेजेंटेशन अवाॅर्ड व कैश प्राइज मिला था।साथ ही साइबरजया विश्वविद्यालय ने अमित को दो वर्ष के लिए पोस्ट - डॉक्टोरल फेलोशिप का आफर प्रस्तुत किया है। अमित बीएचयू के प्रो. आशीष कुमार तिवारी की देखरेख में ऑर्गेनिक हेटेरोसाइक्लिक सिंथेसिस पर शोध करते हैं। दो भाइयों में छोटे अमित ने बीएससी (ऑनर्स) रसायन विज्ञान और एम. एससी (आर्गेनिक स्पेशलाइजेशन) रसायन विज्ञान की शिक्षा बीएचयू से ही ग्रहण की है। अपने चयन पर अमित ने बताया कि उनकी इस यात्रा का पूरा खर्च भारत सरकार उठाएगी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर रसायन व मेडिसिन विषय पर अपनी बातों को रखने का मौका मिला है। इस सफलता पर गांव के पवन कुमार सिंह, निराले सिंह, विनोद सिंह, अवधेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, हरिवंश सिंह आदि ने बधाई दी है।