करंजाकला। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक अभिनव कीर्ति पांडेय ने राष्ट्रीय एकीकरण शिविर, हरिद्वार (उत्तराखंड) में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। शिविर से वापस लौटने के बाद कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सभी प्रतिभागी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविरों के माध्यम से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। कुलपति ने सभी स्वयंसेवकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। विश्वविद्यालय के जिन स्वयंसेवकों का चयन इस शिविर में प्रतिभाग के लिए हुआ था, उनमें प्रियांशी मौर्य, ज्योति यादव, अंशुमान शाह एवं अभिनव कीर्ति पांडेय शामिल थे। शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, इसमें विश्वविद्यालय के छात्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भाषण प्रतियोगिता में अभिनव कीर्ति पाडेय ने अपने प्रभावशाली वक्तव्य से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय बल्कि उत्तर प्रदेश का भी मान बढ़ा है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. शशिकांत यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।