जौनपुर : बच्चा चोर समझकर अधेड़ को बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के पट्टीदयाल गांव में गुरुवार को नहर की पुलिया के पास बैठे एक अधेड़ को बच्चा चोर समझकर लोगों ने पिटाई कर दी। पिटाई से घायल अधेड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया। भीड़ में शामिल लोग उसे मारते-पीटते उसरा बाजार तक ले गए। जहां हाइवे पर भीड़ के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह अधेड़ को भीड़ से मुक्त कराकर थाने ले गई। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मारपीट और बलवा के आरोप में चालान कर दिया। जबकि घटना के वायरल वीडियो के सहारे पुलिस अन्य की पहचान करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें : एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा लेखपाल, इस तरह योजना बनाकर पकड़ा गया आरोपी
बच्चा चोरी के शक में पिटाई की जिले में यह दूसरी घटना है। इसके पहले सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को लोगों ने अर्ध नग्न कर पिटाई कर दी थी।
पट्टीदयाल गांव के लोगों का आरोप है कि गुरुवार को दोपहर पट्टीदयाल गांव में अपने ननिहाल में रह रहा हाई स्कूल का छात्र पंकज शर्मा नहर की तरफ से घर की ओर आ रहा था। तभी नहर की पुलिया पर बैठे अधेड़ व्यक्ति उसे बिस्कुट दे रहा था। पंकज भागकर घर पहुंचा। उसने सारी बात अगल बगल के लोगों को बताई।
इतने में ही गांव के लोग नहर की तरफ दौड़ पड़े। इसीबीच गांव में अफवाह फैल गई कि नहर पुलिया के पास कोई बच्चा चोरी का प्रयास कर रहा था। सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। भीड़ उससे सवाल जवाब करने लगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उसकी पिटाई शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें : ठेकेदार की आत्महत्या के मामले में जेई और एई गिरफ्तार, आज जाएंगे जेल
पीटते हुए लोग उसे लेकर उसराबाजार पहुंचे। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ को भीड़ से मुक्त कराया। जिससे उसकी जान बच सकी। पुलिस ने पट्टीदयाल निवासी जितेन्द्र निषाद, रमेश निषाद, राहुल निषाद, विजय निषाद और भोला गुप्ता को गिरफ्तार कर मारपीट बलवा के आरोप में जेल भेज दिया।
पुलिस पिटाई से घायल अधेड़ का इलाज सामुदायिक केंद्र में कराने के बाद उसे हिरासत में रखर पूछताछ कर रही है। उसने अपना नाम दिनेश तिवारी निवासी सुदनीपुर थाना मड़ियाहूं बताया है। पुलिस ने उसके बताए गांव के प्रधान से बात की तो पता चला कि इस नाम का कोई व्यक्ति गांव में नहीं है। पुलिस के मुताबिक अधेड़ व्यक्ति की मानसिक दशा ठीक नहीं लग रही है।
डीजीपी ने दिया कड़ी कार्रवाई का निर्देश :
बदलापुर थाना क्षेत्र के पट्टीदया गांव में अधेड़ को बच्चा चोरी के शक में पीटने की घटना को पुलिस महानिदेशक ने संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसपी के निर्देश पर सीओ राजेंद्र कुमार ने वायरल वीडियो में अधेड़ की पिटाई करने वालों की पहचान करवाने में जुटे हैं। सीओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ताकि दुबारा ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए।