जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 23 वें दीक्षांत समारोह की तैयारी के लिए बुधवार को कुलपति प्रो. राजाराम यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें कुलपति ने गठित समितियों से तैयारी की जानकारी ली। विश्वविद्यालय का 23 वां दीक्षांत समारोह 4 नवंबर को आयोजित होना है। इसमें राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों टापर छात्र को स्वर्णपदक मिलेगा।दीक्षांत समारोह की तैयारी के लिए कुलपति ने 48 समितियों का गठन किया है। बैठक में समिति के समन्वयकों ने अपने कार्यों की प्रगति बताई। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विभाग द्वारा दीक्षांत समारोह में उपाधि दिए जाने वालों की सूची तैयार की गई है। इसके साथ ही गोल्ड मेडल की सूची पर 21 अक्टूबर तक आपत्तियां मानी गई है। 21 अक्टूबर के बाद गठित समिति द्वारा स्वर्ण पदक धारकों की सूची पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। दीक्षांत समारोह में स्नातक के 17 एवं परस्नातक के 50 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। परास्नातक हिंदी में इस बार 2 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल राज्यपाल के हाथों मिलेगा। दीक्षांत समारोह में गोद लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय के चयनित विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक का संचालन कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने किया। इस अवसर पर वित्त अधिकारी एमके सिंह, परीक्षा नियंता बीएन सिंह, प्रो. बीबी तिवारी, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. वंदना राय, प्रो. बीडी शर्मा, डा. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, डा. राकेश यादव, डा. संतोष कुमार, डा. अमरेंद्र सिंह, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा. जान्हवी श्रीवास्तव आदि मौजूद रही।