बदलापुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के 352 बूथों पर नब्बे प्रतिशत मतदान कराने के लिए सहायक रिटर्निंग आफीसर एसडीएम अंजनी कुमार ने रणनीति बनाई है। उन्होंने गुरुवार को तहसील सभागार में इसके लिए खंड विकास अधिकारी बदलापुर रमाशंकर सिंह, खंड विकास अधिकारी महराजगंज सतीश चंद्र पांडेय एवं खंड विकास अधिकारी बक्शा को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आप सब बूथ वाइज चक्रमण कर मतदाताओं को अवश्य मतदान करने के लिए जागरूक करें। सभी बीएलओ को भी उन्होंने चेताया है कि समय सीमा तक बूथ से संबंधित 18 तथा 19 वर्ष के ऐसे मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करें जिनका नाम सूची से छूट गया है। नए मतदाताओं का नाम जोड़ते समय उन्हें मतदान करने के लिए भी प्रेरित करें। पचास बूथों पर निर्वाचक नामावली में 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या कम होने से उन बूथों पर पिछले वर्ष 2014 तथा 2017 में औसत से कम मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए खंड विकास अधिकारी बदलापुर रमाशंकर सिंह को स्वीप कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। औसत से कम मतदान वाले बूथों सहित अन्य बूथों पर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए सम्बंधित गाँव के लेखपाल तथा राजस्व निरीक्षक को एलईडी वैन के साथ लगाया गया है। राजस्व निरीक्षक अनिल तिवारी की टीम ने एलईडी वैन से फत्तूपुर, सिंगावल, सिंगरामऊ, कुशहा, मेढ़ा, जमऊपट्टी, रतासी तथा बटाऊबीर बूथ पर युवाओं एवं महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा मत देने के लिए जागरूक किया। राजस्व निरीक्षक की टीम ने बूथों पर ईवीएम मशीन के साथ वीवीपैट से मतदान करवा कर मतदान का तरीका बताया। रिटर्निंग आफीसर एसडीएम रमाशंकर सिंह ने कहा कि बदलापुर विधानसभा के 352 बूथों को 237 सेक्टर में बांटा गया है। मतदान शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त कराने के लिए भारी पुलिस बल के साथ ही बीस सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा तीन जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।