शाहगंज/केराकत। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में 21 लोग घायल हो गए। कहीं जमीन विवाद में टकराव हुआ तो कहीं पानी लेने के विवाद में लाठियां चलीं। संबंधित थाने की पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मलहज गांव में मामूली विवाद को लेकर रविवार की रात दो पक्षों के बीच लाठी डंडे चले। इसमें मनभावती (30), सुनीता (38), विजय (40) व सुरजीत (45) को चोटें आईं। सुरिस गांव में डीजे पर नाचने को लेकर हुई मारपीट में उमेश चंद्र (24), सनय (19) घायल हो गए। नगर के भादी खास मोहल्ले में भाइयों के बीच पानी लेने को लेकर हुई मारपीट में मो. समद (26) व हसन जफर (40) चोटहिल हुए। रेलवे स्टेशन पर स्थित स्टैंड पर काम कर रहे युवकों में मामूली विवाद के चलते मारपीट में आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरी निवासी अमन (19) व संतोष घायल हुए। उधर, केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घुरहूपुर में सोमवार को जमीन विवाद में हुई मारपीट में सूरज सरोज (20), धर्मेंद्र सरोज (24), संपूर्ण सरोज (45), खिलाड़ी सरोज (49), विशाल (20), राहुल (19) को चोटें आईं। ग्राम अहन में जमीन विवाद को लेकर मारपीट में धर्मा देवी (42), पन्नालाल यादव (22), गोरखनाथ यादव (40), मनीष यादव (18), सचिन यादव (17) घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।