Orai: 24 घंटे बिजली गुल रहने पर फूटा गुस्सा, 200 से अधिक ग्रामीणों ने परौसा बिजलीघर का किया घेराव
Orai News: कदौरा क्षेत्र के परौसा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उदनपुर और कुसमरा फीडर की 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं समेत 200 से अधिक ग्रामीणों और किसानों ने परौसा बिजलीघर का घेराव कर नारेबाजी की। सूचना पर बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
विस्तार
जालौन जिले के कदौरा क्षेत्र अंतर्गत परौसा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से शनिवार को ग्रामीणों का सब्र टूट गया। पेयजल और सिंचाई संकट से अकुलाए महिलाओं समेत 200 से अधिक ग्रामीणों और किसानों ने परौसा के उदनपुरा उपकेंद्र पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ बिजली विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घंटों चली वार्ता के बाद जल्द व्यवस्था सुधारने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
11 गांवों में गहराया पेयजल और सिंचाई संकट, फसलें प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि परौसा उपकेंद्र से जुड़े उदनपुर, कुसमरा, हरचंदपुर और गोहना फीडर के करीब दो दर्जन से ज्यादा गांव पिछले 01 महीने से लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार 24 घंटे से बिजली ठप होने के कारण उदनपुर, जैसकपुर, कुसमरा, सजेहरा, नजीरपुर, बागी, रोगी, डिहुआ डेरा, इटौरा और खुटमिली सहित 11 गांवों में पेयजल का भीषण संकट खड़ा हो गया। इसके अलावा क्षेत्र के 250 से अधिक निजी नलकूप बंद रहने से धान की रोपाई और सिंचाई पूरी तरह ठप पड़ गई, जिससे फसलों के सूखने का खतरा मंडराने लगा है।
अफसरों ने लोड संतुलित कर आपूर्ति कराई सुचारु
मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता पुष्पदेव, एसडीओ अजीत यादव और पुलिस टीम ने उग्र ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने उपकेंद्र के जेई मिठाई लाल और कर्मचारियों पर फोन न उठाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फीडरों पर लोड को संतुलित कराया और बिजली आपूर्ति को सुचारु रूप से चालू करवाया। अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि रीडिंग के अनुसार लोड बांट दिया गया है और भविष्य में किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।