उरई। मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में एक दिवसीय अनावासीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नवनिर्वाचित प्रधानों को बेहतर ग्राम पंचायत बनाने के गुर सिखाए गए। साथ ही वक्ताओं ने शासन से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत अध्यक्षों को विस्तार से बताया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत डीएम , प्रदेश अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन, विधायक उरई गौरीशंकर वर्मा व जिला पंचायत अध्यक्ष धनश्याम अनुरागी आदि ने महापुरुषों की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित की।
डीएम ने प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत को और बेहतर बनाना सभी प्रधानों की नैतिक जिम्मेदारी है। कहा कि पंचायतों के विकास के लिए शासन स्तर पर कई योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी पूरी निष्ठा के साथ बिना किसी द्वेष भावना के साथ ग्राम पंचायतों में कार्य करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने जिले भर की ग्राम पंचायतों से चुन कर आए ग्राम नव निर्वाचित प्रधानों को शुभकामनाएं दी। कहा कि क्षेत्र के विकास में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गांव के विकास के लिए आप सभी पूर्ण मन से बिना भेदभाव के लिए लग जाएं। सरकार उनके साथ है। माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन ने कहा कि सरकार गांव के विकास को लेकर गंभीर है। ग्राम प्रधान गांव का जनप्रतिनिधि होता है और उस पर पूरे गांव के विकास कार्य की जिम्मेदारी होती है। इसलिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। सीडीओ अभय कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ अवधेश कुमार सिंह, डीसी मनरेगा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर खंडों के खंड विकास अधिकारी व ब्लाक प्रमुख व सैकड़ों की संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।