इंजेक्शन लगने के बाद युवक की मौत, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उरई (जालौन)। सीने में दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल इलाज कराने आए युवक को ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने बाहर से इंजेक्शन मंगाकर लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनाें ने जिला अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर सीएमएस डाक्टर वीवी आर्या ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। इसके बाद वह लोग शांत हो गए। एसडीएम सदर संजय सिंह व सीओ जंगबहादुर सिंह भी वहां पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से बात करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। एसडीएम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। अगर रिपोर्ट में आता है कि गलत इंजेक्शन लगने की वजह से मौत हुई है तो डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी।
थाना व कस्बा नदीगांव निवासी पंचम लाल (38) पुत्र बिहारी लाल को सोमवार की सुबह सीने में दर्द की शिकायत थी। उसे परिजन लेकर जिला अस्पताल लाए और कमरा नंबर आठ में बैठे डाक्टर को दिखाया। डाक्टर ने बाहर से दो इंजेक्शन मंगाकर लगवाए। इंजेक्शन लगाने के बाद पंचम की हालत बिगड़ गई। उसकी वहीं अस्पताल परिसर में मौत हो गई। यह देख परिजन व अन्य तीमारदार भड़क गए। उन्हाेंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी सीएमएस डाक्टर वीवी आर्या को हुई तो वह मौके पर आए और परिजनाें को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया।
इसके बाद भी परिजन हंगामा करते रहे। यह देख ड्यूटी पर तैनात डाक्टर मौके से चले गए। हंगामे की सूचना पाकर एसडीएम सदर संजय सिंह, सीओ जंगबहादुर सिंह, दरोगा बृजनेश सिंह सिपाहियाें के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनाें को कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सीएमएस का कहना है कि मरीज पीलिया से पीड़ित था। उसकी गंभीरता को देखते हुए डाक्टर ने इंजेक्शन मंगाकर लगाए। इंजेक्शन गलत नहीं लगाए गए हैं। फिर भी पोस्टमार्टम में ही मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। अगर इलाज में किसी तरह की लापरवाही पाई गई तो संबंधित डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।